केरल-कर्नाटक बॉर्डर पर 1.44 करोड़ की नकदी बरामद, गुप्त खाने में छिपाकर रखी थी रकम, 3 गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- थिरुनेल्ली पुलिस और DANSAF की टीम ने वाहन को थोल्पेट्टी में रोका।
- नकदी ड्राइवर की सीट के नीचे बने गुप्त खाने से बरामद हुई।
- पुलिस ने कुल 1,44,50,000 रुपये जब्त किए।
तिरुवनंतपुरम। केरल-कर्नाटक सीमा के पास वाहनों की नियमित जांच के दौरान एक गाड़ी से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने ड्राइवर की सीट के नीचे बने एक गुप्त खाने में छिपाकर रखे गए 1.44 करोड़ रुपये जब्त किए हैं।
थिरुनेल्ली पुलिस और जिला एंटी-नारकोटिक्स स्पेशल एक्शन फोर्स (DANSAF) की टीम ने कर्नाटक की ओर से आ रही एक गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली। इस दौरान नकदी बरामद हुई। यह कार्रवाई थोल्पेट्टी में की गई।
गाड़ी से मिले 1.44 करोड़ रुपये
केरल-कर्नाटक सीमा पर पुलिस की ओर से रूटीन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक गाड़ी की गहन तलाशी लेने पर ड्राइवर की सीट के नीचे विशेष रूप से बनाए गए खाने में छिपाए गए नकदी के बंडल मिले।
पुलिस के मुताबिक, बरामद कुल रकम 1,44,50,000 रुपये है। गाड़ी में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपितों की पहचान कोझिकोड के वडकारा में नडाक्कावु स्ट्रीट निवासी 20 वर्षीय प्रभु राज, कन्नूर के पानूर निवासी 23 वर्षीय स्वप्निल और महाराष्ट्र निवासी 26 वर्षीय राहुल के रूप में की है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी कहां ले जाई जा रही थी, इसे किसे सौंपा जाना था और इतनी बड़ी रकम कहां से आई।
इस बरामदगी के बाद पुलिस का ध्यान खास तौर पर मॉडिफाई की गई गाड़ियों के इस्तेमाल की ओर गया है। साथ ही कर्नाटक से केरल में प्रवेश के प्रमुख सड़क मार्गों में शामिल थोल्पेट्टी पर चेकिंग भी बढ़ा दी गई है।






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.