सीएम फडणवीस ने समय रैना को किया सम्मानित, साइबर सेल पर मजाक सुनकर लगाए ठहाके

HIGHLIGHTS
- साइबर अपराध जागरूकता फिल्म में हिस्सा लेने पर मिला सम्मान
- समय रैना ने महाराष्ट्र साइबर सेल के साथ पुराने जुड़ाव का किया जिक्र
- रैना ने कहा, साइबर सेल का नंबर पहले से सेव कर रखा है
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कॉमेडियन समय रैना को सम्मानित किया। उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने वाली एक फिल्म में हिस्सा लेने के लिए यह सम्मान दिया गया। इस दौरान समय रैना ने ऐसा मजाक किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी अपनी हंसी नहीं रोक सके।
कुछ समय पहले महाराष्ट्र साइबर सेल यूनिट ने समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में हुई विवादित टिप्पणियों को लेकर शिकायतें दर्ज की थीं। अब इसी साइबर सेल की ओर से सम्मानित किए जाने के मौके पर रैना ने उस पुराने अनुभव को मजाकिया अंदाज में याद किया।
साइबर सेल को लेकर समय ने क्या कहा?
समय रैना ने मुस्कुराते हुए महाराष्ट्र साइबर सेल का जिक्र करते हुए कहा कि उनका महाराष्ट्र साइबर के साथ रिश्ता काफी पुराना है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र साइबर सेल काफी एक्टिव है।
रैना ने मजाक करते हुए कहा कि पहली बार किसी साइबर सेल अधिकारी ने किसी कॉमेडियन को उसके घर से सिर्फ इसलिए उठाया, ताकि उसे सम्मानित किया जा सके। उनकी इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद कई हस्तियां हंसने लगीं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी रैना की बात सुनकर ठहाका लगाते नजर आए।
साइबर सेल को कहा धन्यवाद
कार्यक्रम के दौरान समय रैना ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र साइबर का नंबर पहले से सेव कर रखा है, क्योंकि उन्हें अक्सर वहां से फोन आते रहते हैं। उन्होंने सम्मान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, “महाराष्ट्र साइबर के साथ मेरा जुड़ाव बहुत लंबे समय से है। 1930 वाकई एक बेहतरीन नंबर है।”
रैना ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
कार्यक्रम के बाद समय रैना ने इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया। वीडियो पर फैंस ने इसे उनका ‘कमबैक’ बताया। एक फैन ने लिखा, “सब समय-समय की बात है।” वहीं दूसरे ने कमेंट किया, “समय की बात ही यही है कि यह बदलता रहता है।” एक अन्य फैन ने लिखा, “शानदार ब्रो, इसे ही कहते हैं कमबैक।”
क्या था ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ विवाद?
फरवरी 2025 में समय रैना के यूट्यूब शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ को लेकर महाराष्ट्र साइबर सेल ने कार्रवाई की थी। शो में अश्लीलता से जुड़े कंटेंट को बढ़ावा देने के आरोपों को लेकर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। विवाद उस समय शुरू हुआ, जब रणवीर अल्लाहबादिया ने एक कंटेस्टेंट के माता-पिता को लेकर टिप्पणी की थी।
समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया और शो से जुड़े अन्य कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गई थीं और कानूनी कार्रवाई हुई थी।
शुरू हुआ ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ का सीजन 2
समय रैना ने अब ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ का दूसरा सीजन शुरू कर दिया है। इसके एपिसोड यूट्यूब और नेटफ्लिक्स पर रिलीज किए जा रहे हैं।

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.