कश्मीर में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, जम्मू की कॉलोनियों में अब भी जमा कीचड़

HIGHLIGHTS
- गुलमर्ग, सोनमर्ग और जोजिला समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी।
- श्रीनगर समेत घाटी के मैदानी क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश।
- बनतालाब में नाले में बही रुखसाना कौसर का शव तीन दिन बाद बरामद।
मौसम में बदलाव के साथ मंगलवार को कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। गुलमर्ग, सोनमर्ग और जोजिला की पहाड़ियां बर्फ से चमक उठीं। घाटी के मैदानी इलाकों में भी बारिश हुई। वहीं, जम्मू संभाग के पहाड़ी क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे, जबकि जम्मू शहर में धूप निकली रही।
मौसम विभाग के मुताबिक, कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुलमर्ग, अफरवात, सोनमर्ग और जोजिला सहित प्रमुख ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी दर्ज की गई। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत घाटी के मैदानी इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार और वीरवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की भी संभावना है। वहीं, 16 से 24 अक्तूबर के बीच मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
जम्मू में नाले में बही महिला का शव तीन दिन बाद मिला
कश्मीर में बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है, जबकि जम्मू संभाग में दो दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश से हुए नुकसान के असर अब भी दिखाई दे रहे हैं। जम्मू शहर के बनतालाब इलाके में 11 अक्तूबर को नाले में बही महिला रुखसाना कौसर का शव मंगलवार को बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने तीन दिन तक तलाशी अभियान चलाया।
एसडीआरएफ की डीएसपी अल्बीना मलिक ने बताया कि रुखसाना अपने पति मोहम्मद कलीम को बचाने की कोशिश के दौरान तेज बहाव में बह गई थीं। काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने उनका शव खोज निकाला।
जम्मू की दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों में अब भी जमा कीचड़
जम्मू में बीते रविवार को पिछले 71 वर्षों में सर्वाधिक 185.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। भारी बारिश के कारण कई आवासीय कॉलोनियों में पानी भर गया था। इसके अलावा सड़कों और गलियों को भी नुकसान पहुंचा था।
मूसलाधार बारिश के बाद जम्मू शहर की दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों में अब भी बड़ी मात्रा में गाद और कीचड़ जमा है।
इतना रहा तापमान
| स्थान | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| श्रीनगर | 20.0 | 11.2 |
| काजीगुंड | 22.2 | 9.4 |
| पहलगाम | 14.2 | 6.8 |
| गुलमर्ग | 11.8 | 5.4 |
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.