भदोही के कालीन की दुनिया में बढ़ी मांग, सीएम योगी बोले- हुनर को मिल रहा वैश्विक बाजार

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को 'एक्स' पर भदोही के कालीन उद्योग का जिक्र किया।
- प्रदेश का निर्यात 10 वर्षों में करीब 2.27 गुना बढ़ने की बात कही गई।
- उत्तर प्रदेश को देश का 5वां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बताया गया।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भदोही के कालीन उद्योग को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भदोही का हुनर पहले अपने लिए रास्ता तलाशता था, लेकिन अब सरकार उसके लिए विकास, बाजार और अवसरों के नए रास्ते खोल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश का निर्यात पिछले 10 वर्षों में करीब 2.27 गुना बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश देश का 5वां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य है और इसमें भदोही के कालीन का बड़ा योगदान है।
वैश्विक मंच पर पहचान बना रहा भदोही का कालीन
सीएम योगी ने कहा कि जिन हाथों के हुनर ने भदोही के कालीन को दुनिया तक पहुंचाया, वही हाथ वर्ष 2017 से पहले बुनियादी सुविधाओं और अवसरों की प्रतीक्षा करते रहे। अब डबल इंजन सरकार में यही हुनर विकास और वैश्विक बाजार से जुड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हाथ से तैयार किए जाने वाले भदोही के कालीनों की मांग आज दुनिया में सबसे अधिक है। ये कालीन वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश के हुनर की पहचान बना रहे हैं।
निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले 'इंडिया कारपेट एक्सपो' के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से संवाद भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि कारीगर के हाथ को सम्मान, उद्यम को विस्तार, युवाओं को रोजगार और भदोही को समृद्धि देना नए उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास के संगम की नई पहचान है।
तीन विधानसभा क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों को 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.