पीलीभीत में वीबी-जी राम जी योजना में फर्जीवाड़ा, 39 ग्राम पंचायतों में एआई फोटो से निकाले लाखों रुपये

HIGHLIGHTS
- शासन स्तर पर हुई पड़ताल में योजना के तहत गड़बड़ी का मामला सामने आया।
- पूरनपुर ब्लॉक की 39 ग्राम पंचायतें जांच के दायरे में आई हैं।
- एआई से तैयार तस्वीरें अपलोड कर श्रमिकों की हाजिरी दिखाई गई।
पीलीभीत। जिले में वीबी-जी राम जी योजना के तहत फर्जी हाजिरी दर्ज कर सरकारी धनराशि निकालने का मामला सामने आया है। शासन स्तर पर हुई जांच में पूरनपुर ब्लॉक की 39 ग्राम पंचायतों में एआई से तैयार तस्वीरें अपलोड कर लाखों रुपये निकाले जाने का खुलासा हुआ है। मामला संज्ञान में आने के बाद सीडीओ स्तर से जांच शुरू करा दी गई है।
ग्राम पंचायतों में ही श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन की ओर से वीबी-जी राम जी योजना चलाई जा रही है। इसके तहत मजदूरों को गांव में ही काम दिया जाता है। हालांकि, योजना में श्रमिकों की फर्जी हाजिरी लगाकर लाखों रुपये निकालने और धनराशि के बंदरबाट का मामला सामने आया है।
पूरनपुर ब्लॉक की करीब 39 ग्राम पंचायतों में एआई से बनाई गई तस्वीरें अपलोड कर श्रमिकों की हाजिरी दिखाई गई और इसके आधार पर लाखों रुपये की धनराशि निकाल ली गई। शासन स्तर पर हुई पड़ताल में गड़बड़ी सामने आने के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों की सूची मुख्यालय को सौंपी गई। इसके बाद सीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है।
इन ग्राम पंचायतों में निकाली गई धनराशि
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पूरनपुर ब्लॉक की माधोटांडा, जमुनिया जगतपुर, नहरोसा, गुलड़िया भूपसिंह, मथना जप्ती, हरीपुर कला और कबीरगंज समेत 39 ग्राम पंचायतों में इस तरह की गड़बड़ी की गई है। मामले को लेकर अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
अधिकांश ग्राम पंचायतों में चल रहा खेल
वीबी-जी राम जी योजना के तहत अधिकांश ग्राम पंचायतों में गड़बड़ी किए जाने की बात सामने आई है। गांव में काम दिखाने के नाम पर एक ही तस्वीर को कई-कई बार अपलोड कर धनराशि निकाली जा रही है। इस मामले में मनरेगा लोकपाल की ओर से भी कई खुलासे किए गए, लेकिन सभी मामलों की फाइलें दबा दी गईं।
सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्र ने बताया कि शासन स्तर पर हुई जांच में मामला संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.