जाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर धनगर समाज का शक्ति प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में जाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर धनगर समाज ने विशाल पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
- प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पात्र लोगों को प्रमाण पत्र जारी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- समाज के लोगों ने जल्द समाधान की मांग की, नहीं तो आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी।
मुजफ्फरनगर में जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को धनगर समाज ने अपनी आवाज बुलंद की। धनगर समाज उत्थान समिति के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने शहर में पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल ने किया। दोपहर करीब एक बजे फ्रेंड्स कॉलोनी से शुरू हुआ मार्च कच्ची सड़क, अहिल्याबाई चौक, रुड़की रोड, शिव चौक और झांसी रानी चौक होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा। इस दौरान लोग हाथों में झंडे और मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर नारेबाजी करते नजर आए।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना देकर प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि जाति प्रमाण पत्र बनवाने में उन्हें लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रमाण पत्र जारी करने में भेदभाव का लगाया आरोप
धरने को संबोधित करते हुए डॉ. सत्येंद्र पाल ने कहा कि धनगर समाज के छात्र, युवा और नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थी जाति प्रमाण पत्र के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई पात्र लोगों को प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं, जबकि कुछ मामलों में एक ही परिवार के सदस्यों के प्रमाण पत्रों में अलग-अलग स्थिति सामने आ रही है।
उन्होंने कहा कि समाज को संवैधानिक अधिकारों के तहत मान्यता प्राप्त होने के बावजूद प्रमाण पत्र बनवाने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने मांग की कि यदि परिवार के किसी सदस्य का प्रमाण पत्र पहले जारी हो चुका है तो अन्य पात्र सदस्यों को भी उसी आधार पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया तो आंदोलन को और बड़े स्तर पर किया जाएगा। समाज के लोगों ने कहा कि वे अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।
प्रदर्शन में एडवोकेट रवि धनगर, बृजेश धनगर, बिजेंद्र धनगर, लोकेश धनगर, नकली सिंह धनगर, सतीश धनगर, आनंद धनगर, राजकुमार धनगर, विनय धनगर समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.