ध्रुव राठी का नया वीडियो आया सामने, बोले- मुझे किडनैप किया गया

HIGHLIGHTS
- ध्रुव राठी को शनिवार सुबह हिरासत में लिया गया और रविवार को रिहा किया गया।
- यूट्यूबर ने दावा किया कि उन्हें वकील से संपर्क करने और मोबाइल इस्तेमाल करने नहीं दिया गया।
- राठी के मुताबिक, उन्हें एक थाने से दूसरे थाने ले जाया गया और घसीटे जाने से चोट लगी।
यूट्यूबर ध्रुव राठी ने हिरासत में लिए जाने को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें किडनैप किया गया था। इस वीडियो में उन्होंने पहली बार कैमरे के सामने अपना पासपोर्ट भी दिखाया और अपनी नागरिकता को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
ध्रुव राठी को शनिवार सुबह हिरासत में लिया गया था। करीब 20 घंटे बाद रविवार को उन्हें रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद उन्होंने एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि जिन लोगों को लगता है कि विदेशी पासपोर्ट रखने की वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई हुई, वे गलत हैं।
राठी ने अपना पासपोर्ट दिखाते हुए कहा कि वह भारतीय नागरिक हैं, थे और रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में नहीं लिया, बल्कि उनके घर से किडनैप किया था।
‘मां को धक्का देकर बेडरूम में घुस आए’
ध्रुव राठी ने दावा किया कि उन्हें न तो अपने वकील से संपर्क करने दिया गया और न ही उनका मोबाइल फोन दिया गया। वीडियो में उन्होंने बताया कि जब वह सो रहे थे, तभी सादे कपड़ों में कुछ लोग उनके घर पहुंचे और गेट खुलवाया।
राठी के मुताबिक, वे लोग उनकी मां को धक्का देते हुए उनके बेडरूम में घुस आए। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों ने उनका फोन छीन लिया और उन्हें घसीटकर अपने साथ ले गए।
‘मुझे गिरफ्तार या हिरासत में नहीं लिया गया’
ध्रुव राठी ने आरोप लगाया कि उन्हें चप्पल तक पहनने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि उनके घर में आए सभी लोग सिविल ड्रेस में थे और वे उन्हें उठाकर ले गए, जबकि वह अपने माता-पिता के साथ घर पर थे।
राठी ने दावा किया कि उन्हें कुछ बोलने तक नहीं दिया गया और अपराधी की तरह घर से घसीटकर ले जाया गया। उन्होंने कहा कि घसीटे जाने के दौरान उन्हें चोट भी लगी।
यूट्यूबर के अनुसार, उन्हें एक थाने से दूसरे थाने ले जाया गया और करीब 20 घंटे तक बैठाकर रखा गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.