मुजफ्फरनगर में बिजली कनेक्शन काटने पर विवाद, संविदाकर्मी से मारपीट का वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में बिजली कनेक्शन काटने पहुंचे संविदाकर्मी से मारपीट, घटना CCTV में कैद।
- 06 लाख रुपये के बकाया बिल पर कनेक्शन काटने गई थी विद्युत विभाग की टीम।
- कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, पुलिस ने जांच शुरू की।
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी कस्बे में बकाया बिजली बिल के चलते कनेक्शन काटने पहुंचे विद्युत विभाग के एक संविदाकर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे हुई यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
वीडियो सामने आने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खेड़ा दरवाजा निवासी सुरेश पुत्र घसेटू पर विद्युत विभाग का करीब 1.06 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था। विभाग की ओर से कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद बिल का भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद एसडीओ महेंद्र सिंह के निर्देशन में चल रहे बकाया वसूली और कनेक्शन विच्छेदन अभियान के तहत जेई की टीम उपभोक्ता के घर पहुंची।
कनेक्शन काटते ही शुरू हुई मारपीट
टीम के साथ मौजूद संविदाकर्मी शमीम ने नियमानुसार बिजली कनेक्शन काट दिया। आरोप है कि कनेक्शन कटने से नाराज उपभोक्ता के पुत्र अमित ने टीम के सामने ही शमीम के साथ मारपीट शुरू कर दी।
अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे कर्मचारी
घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारी एकजुट होकर पुरकाजी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी ड्यूटी के दौरान यदि कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटनाएं होंगी तो बकाया वसूली अभियान प्रभावित होगा और कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ेगी।
बड़ी संख्या में कर्मचारी पहुंचे थाने
मामले को लेकर जेई सत्येंद्र गुप्ता, जावेद अख्तर, जितेंद्र कुमार, धर्मपाल, सचिन सैनी, ओमकार, नसीम, अंशुल, नाजिम, दिलशाद, शशि, शहजाद, राजपाल सिंह, सोनू, अली, अनिल और प्रदीप समेत बड़ी संख्या में विद्युत विभाग के कर्मचारी पुरकाजी थाने पहुंचे।
पुरकाजी थाना प्रभारी मानवेंद्र भाटी ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। घायल कर्मचारी का मेडिकल कराया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.