राजकोट एयरपोर्ट पर रनवे के पास लगी आग, धुएं के कारण एअर इंडिया की फ्लाइट वडोदरा डायवर्ट

HIGHLIGHTS
- आग बुझाने के लिए एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची।
- ATC ने रनवे पर कम दृश्यता के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।
- पायलट ने विमान को डायवर्ट करने से पहले हवा में चार चक्कर लगाए।
राजकोट। राजकोट के हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पक्षियों को भगाने के लिए पटाखे चलाए जा रहे थे। इसी दौरान रनवे के नजदीक सूखी घास में आग लग गई। आग से उठे धुएं के कारण आसपास का इलाका धुएं से भर गया और रनवे पर दृश्यता काफी कम हो गई। इससे विमानों की सुरक्षित लैंडिंग में परेशानी पैदा हो गई।
स्थिति को देखते हुए दिल्ली से राजकोट आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को वडोदरा की ओर डायवर्ट करना पड़ा। विमान को वहां सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
पटाखों की चिंगारी से सूखी घास में लगी आग
हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पक्षियों को रनवे से दूर रखने के लिए पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान पटाखे से निकली चिंगारी पास में मौजूद सूखी घास पर जा गिरी और आग फैल गई।
आग के कारण उठे धुएं से रनवे पर दृश्यता बेहद कम हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
लैंडिंग से पहले विमान ने हवा में लगाए चार चक्कर
दिल्ली से राजकोट आने वाली एअर इंडिया की सुबह की फ्लाइट का निर्धारित आगमन समय सुबह 10:25 बजे था। लेकिन रनवे पर धुआं फैलने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट को विमान हवा में ही चार चक्कर लगाकर इंतजार करना पड़ा। इसके बावजूद जब दृश्यता में सुधार नहीं हुआ, तो विमान को वडोदरा डायवर्ट करने का फैसला लिया गया। वहां एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार 100 से अधिक यात्रियों ने सुरक्षित उतरने के बाद राहत की सांस ली।
देरी से राजकोट पहुंची फ्लाइट, फिर दिल्ली के लिए हुई रवाना
राजकोट एयरपोर्ट पर स्थिति सामान्य होने के बाद विमान वडोदरा से वापस राजकोट के लिए रवाना हुआ। यह दोपहर 12:20 बजे राजकोट पहुंचा। इसके बाद दोपहर 1:11 बजे विमान ने राजकोट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
इस घटनाक्रम के चलते 100 से अधिक यात्रियों को घंटों की देरी और असुविधा का सामना करना पड़ा।
पक्षियों को भगाने के तरीके और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद एयरपोर्ट पर पक्षियों को दूर रखने के लिए अपनाए जाने वाले तरीकों और रनवे के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, आग लगने के कारणों और फ्लाइट को डायवर्ट किए जाने के संबंध में एयरपोर्ट प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.