फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार ने सुनाया हमले का खौफनाक अनुभव, बोले- कुछ करना होगा

HIGHLIGHTS
- घटना के दौरान कैप्टन ने खुद को संभालते हुए तुरंत कदम उठाने का फैसला किया।
- 'स्काई न्यूज अरबिया' के टीजर में स्मित मच्छार ने अपना अनुभव साझा किया।
- कॉकपिट का दरवाजा खुलने पर चारों ओर चीख-पुकार और अफरा-तफरी थी।
दुबई। फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने अपने ओमानी को-पायलट के हमले से जुड़ा खौफनाक अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान एक ऐसा पल आया, जब उन्हें लगा कि जान बचाने के लिए उन्हें तुरंत कुछ करना होगा।
'स्काई न्यूज अरबिया' की ओर से जारी किए गए टीजर में जब उनसे पूछा गया कि क्या कभी उन्हें लगा था कि वह इस घटना से बच नहीं पाएंगे, तो मच्छार ने बताया कि उन्होंने खुद से कहा कि बहुत देर होने से पहले उन्हें कुछ करना होगा।
'स्मित, कुछ करो, तुम इस तरह नहीं मर सकते'
स्मित मच्छार ने कहा, "मैं अब इस घटना से उबरने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन हां, एक पल ऐसा आया जब मुझे एहसास हुआ और मैंने खुद से कहा- स्मित, कुछ करो। तुम इस तरह नहीं मर सकते।"
कॉकपिट का दरवाजा खुलने के बाद का मंजर
उस पल को याद करते हुए मच्छार ने कहा कि ऐसा नहीं था कि उन्होंने अपनी मौत स्वीकार कर ली थी, बल्कि उन्हें लगा कि उन्हें कुछ करना होगा। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खुलने के बाद के हालात का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, वहां चारों ओर अफरा-तफरी थी और लोग चीख-चिल्ला रहे थे।
उन्होंने बताया, "मुझे याद है कि मैं मुंह के बल गिरा हुआ था और वहां भारी अफरा-तफरी थी। लोग चीख-चिल्ला रहे थे।"
मच्छार ने संकट के समय विमान का नियंत्रण अपने हाथों में लेने वाले साथी पायलट की भी तारीफ की। उन्होंने उनके इस कदम को सराहनीय बताया और कहा कि वह इसे जीवन भर याद रखेंगे।
को-पायलट पर भारतीय कैप्टन से मारपीट का आरोप
यह इंटरव्यू 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई घटना के कुछ हफ्तों बाद सामने आया है। यह विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। आरोप है कि उड़ान के दौरान कॉकपिट के अंदर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने हमला कर दिया था।
चोटिल होने के बावजूद मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्री अंदर पहुंचे और हमलावर को काबू में कर लिया गया।
घटना के दौरान विमान की ऊंचाई अचानक काफी कम हो गई थी। हालांकि, बाद में विमान को नियंत्रित कर लिया गया और उसका रुख सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ दिया गया, जहां विमान सुरक्षित उतर गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.