प्रयागराज में रेल ट्रैक पर रखीं गिट्टियां, लोको पायलट की सतर्कता से टला हादसा

HIGHLIGHTS
- प्वाइंट संख्या 41/बी के पास ट्रैक पर मिलीं गिट्टियां।
- कंट्रोल रूम को सूचना देकर मौके पर बुलाए गए रेलवे कर्मचारी।
- रात 10:41 बजे ट्रेन को प्रयागराज के लिए रवाना किया गया।
प्रयागराज। फाफामऊ-प्रतापगढ़ रेलखंड पर मऊआइमा स्टेशन के आउटर के पास शुक्रवार देर रात रेलवे ट्रैक पर गिट्टियां रखकर ट्रेन को रोकने की कोशिश की गई। अयोध्या कैंट से प्रयागराज संगम जा रही पैसेंजर ट्रेन के चालक ने समय रहते पटरी पर पड़े पत्थरों को देख लिया और आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार रात करीब 10:32 बजे ट्रेन संख्या 64222 अयोध्या कैंट-प्रयागराज संगम पैसेंजर मऊआइमा रेलवे स्टेशन के पास पहुंच रही थी। इसी दौरान प्वाइंट संख्या 41/बी के नजदीक चालक की नजर रेलवे ट्रैक पर रखी गिट्टियों पर पड़ी। खतरे को देखते हुए उसने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन रोकने के बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलने पर स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार ने प्वाइंट्समैन को घटनास्थल पर भेजा। इसके बाद ट्रैक पर पड़ी गिट्टियों को तत्काल हटाया गया। रेल लाइन साफ होने के बाद रात 10:41 बजे ट्रेन को प्रयागराज के लिए रवाना किया गया। इस घटना के कारण ट्रेन करीब नौ मिनट तक आउटर पर खड़ी रही।
संवेदनशील रेलखंड होने के कारण खुफिया एजेंसियां और रेल सुरक्षा बल घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
आरपीएफ चौकी फाफामऊ के प्रभारी जीके सिंह ने बताया कि स्टेशन अधीक्षक के मेमो के आधार पर रेलवे एक्ट की धारा 174(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक तौर पर यह घटना मेला घूमने निकले बच्चों या शरारती तत्वों की हरकत प्रतीत हो रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.