हिमाचल में भारी बारिश का कहर, 105 सड़कें बाधित; लाहौल में बादल फटने से सड़क बही

HIGHLIGHTS
- मंगलवार सुबह तक 105 सड़कें बारिश और भूस्खलन से प्रभावित रहीं।
- कुल्लू और मंडी में सबसे अधिक मार्ग बाधित हुए हैं।
- 36 बिजली ट्रांसफार्मर और 15 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं।
शिमला। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। बारिश और भूस्खलन के कारण मंगलवार सुबह 10 बजे तक प्रदेश में 105 सड़कें बाधित रहीं। इसके अलावा 36 बिजली ट्रांसफार्मर और 15 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा सड़कें कुल्लू और मंडी जिलों में प्रभावित हुई हैं।
लाहौल के चोखंग के गौरी नाला में बादल फटने से चोखंग-नैनगाहर सड़क भी बाधित हो गई है। करीब 400 मीटर सड़क बह जाने से वाहनों की आवाजाही रुक गई है। सोमवार देर शाम हुई इस घटना के बाद लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार सुबह से सड़क बहाली का काम शुरू कर दिया।
सड़क बंद होने के कारण नीलकंठ जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ क्षेत्र के किसानों की सब्जियों से भरी गाड़ियां भी फंस गई हैं। मूरिंग पंचायत के प्रधान संदीप पुजारा ने कहा कि घाटी में सब्जियों का सीजन जोरों पर है, इसलिए सड़क को जल्द बहाल किया जाना चाहिए। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरन भड़ाना ने बताया कि बादल फटने से सड़क का एक हिस्सा बह गया है।
मानसून सीजन में अब तक 196 लोगों की मौत
30 जून से 17 अगस्त तक इस मानसून सीजन में प्रदेश में आपदा के कारण 196 लोगों की जान जा चुकी है। 299 लोग घायल हुए हैं। इस दौरान 32 पक्के और 53 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 312 कच्चे-पक्के मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा 14 दुकानों और 270 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। इस अवधि में 425 पालतू पशु-पक्षियों की मौत हुई है। प्रदेश में इस मानसून के दौरान नुकसान का आंकड़ा 99,479.96 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
कई हिस्सों में 24 अगस्त तक बारिश का दौर
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में 24 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। मंगलवार को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट है।
19 अगस्त को हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 20 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में येलो अलर्ट है। 21 अगस्त को कांगड़ा और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट रहेगा।
कहां कितनी बारिश हुई
पिछले 24 घंटों में कोठी में 71.4, धर्मशाला में 52.2, कसौली में 52.0, काहू में 47.4, नाहन में 46.4, धर्मशाला में 45.0, जोत में 42.4, सुंदरनगर में 24.9, शिमला में 14.7, धौलाकुआं में 22.5 और पांवटा साहिब में 13.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
शिमला के टूटू चौक पर भूस्खलन से एक शेड और शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन के कारण आसपास के घर भी खतरे की जद में आ गए हैं। स्थानीय लोगों ने पानी की उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.