प्रियंका गांधी का मंडी दौरा रद्द, देउरी स्कूल भवन का उद्घाटन फिर टला
By Hitesh — August 17, 2026

HIGHLIGHTS
- प्रियंका गांधी फिलहाल शिमला के छराबड़ा स्थित आवास पर ठहरी हुई हैं।
- मंगलवार को उनके नई दिल्ली लौटने की संभावना है।
- 19 अगस्त को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में प्रियंका के शामिल होने का कार्यक्रम है।
Author: — Dainik Dehat
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का मंडी दौरा रद्द हो गया है। प्रियंका फिलहाल शिमला स्थित अपने छराबड़ा आवास में ठहरी हुई हैं। मंगलवार को उनके मंडी के देउरी स्कूल जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन सोमवार को इसे अचानक रद्द कर दिया गया। प्रियंका के मंगलवार को नई दिल्ली लौटने की संभावना है। 19 अगस्त को होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में भी उन्हें शामिल होना है। दौरा रद्द होने के पीछे मौसम और बैठक को कारण बताया जा रहा है।
वहीं, कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मंगलवार शाम या बुधवार सुबह नई दिल्ली रवाना होने की संभावना है।
दरअसल, 18 अगस्त को प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रस्तावित मंडी दौरे के दौरान देउरी स्कूल के नए भवन का उद्घाटन किया जाना था। हालांकि, इस भवन के उद्घाटन का कार्यक्रम इससे पहले भी तीन बार तय होकर टल चुका है। दो बार प्रियंका गांधी के मंडी दौरे के दौरान ही भवन के उद्घाटन का कार्यक्रम रखा गया था, लेकिन दोनों अवसरों पर उनका दौरा स्थगित हो गया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी नए भवन का उद्घाटन करने के लिए देउरी पहुंचे थे, लेकिन ऐन मौके पर कार्यक्रम रोक दिया गया था।
वर्ष 2023 में आई आपदा के दौरान देउरी स्कूल का पुराना भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद करीब 4.70 करोड़ रुपये की लागत से नए भवन का निर्माण कराया गया। नया भवन दिसंबर 2025 में तैयार हो गया था, लेकिन इसके बाद भी लंबे समय से इसका औपचारिक उद्घाटन नहीं हो सका है।
अगस्त की शुरुआत में प्रशासन की ओर से स्कूल परिसर का निरीक्षण भी किया गया था। इसके बाद 18 अगस्त को प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मंडी दौरे की जानकारी सामने आई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.