भुवनेश्वर में तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर, दो महिलाओं की मौत

HIGHLIGHTS
- टक्कर के बाद कार के कई हिस्से दूर तक बिखर गए।
- मृतकों में सुबह की सैर पर निकली एक युवती भी शामिल है।
- घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज जारी है।
भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के नयापल्ली इलाके में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राउरकेला से भुवनेश्वर आ रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने कृष्णा टावर के पास कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना सुबह करीब 5:45 बजे हुई।
बस की टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसके कई हिस्से घटनास्थल से कई मीटर दूर तक जा गिरे। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे बनी चाय की दुकान की तरफ जा गिरी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में एक युवती भी थी, जो सुबह टहलने के लिए घर से निकली थी।
दुर्घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
CCTV फुटेज के जरिए हादसे की जांच
हादसे की जानकारी मिलने पर नयापल्ली थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। दुर्घटना की वजह और पूरी घटना का क्रम जानने के लिए पुलिस आसपास की आवासीय इमारतों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दुर्घटना को बेहद भयावह बताया। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज गति से चलने वाले वाहनों के चलते पैदल राहगीरों और सड़क किनारे दुकान लगाने वाले लोगों की जान खतरे में बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और वाहनों की रफ्तार पर निगरानी रखने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.