बरेली में सफाई के दौरान युवक को सांप ने डसा, डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचा

HIGHLIGHTS
- घर में टाइल-पत्थर लगाने का काम चल रहा था।
- पवन ने सांप को प्लास्टिक के डिब्बे में बंद किया।
- डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू कर दिया, हालत खतरे से बाहर है।
बरेली में त्योहार की तैयारियों के बीच घर की सफाई कर रहे एक युवक को सांप ने डस लिया। सीबीगंज के खड़ौआ गांव निवासी 26 वर्षीय पवन ने सांप को प्लास्टिक के डिब्बे में बंद किया और उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए। वहां उन्होंने डॉक्टरों को सांप दिखाकर उसकी पहचान और उसके जहरीला होने के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की। फिलहाल चिकित्सकों की देखरेख में पवन का उपचार चल रहा है।
कूड़ा हटाते समय सांप ने दाहिने हाथ की उंगली पर काटा
पवन पेट्रोल पंप पर नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि त्योहार के चलते घर में साफ-सफाई के साथ टाइल-पत्थर लगाने का काम भी चल रहा है। इस वजह से घर में कूड़ा जमा हो गया था। पवन कूड़ा हटाने के लिए हाथ बढ़ा रहे थे, तभी सांप ने उनके दाहिने हाथ की उंगली में काट लिया।
दर्द महसूस होने पर उन्होंने ध्यान से देखा तो सांप नजर आया। सांप को देखकर वह घबरा गए। घटना के बाद परिजन उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों से सांप के जहरीला होने की जानकारी मांगी
सांप के डसने के बाद पवन ने उसे प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर लिया था। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने डॉक्टरों को सांप दिखाते हुए बताया कि इसी ने उन्हें डसा है। साथ ही उन्होंने उसके जहरीला होने के बारे में जानकारी मांगी।
चिकित्सकों ने पवन का उपचार शुरू कर दिया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.