जूनियर एशिया कप में भारत का तूफानी प्रदर्शन, पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा

HIGHLIGHTS
- भारत ने ग्रुप चरण में तीन मुकाबले जीते थे
- जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया को दी थी मात
- क्वार्टर फाइनल में शुरुआत से भारतीय टीम का दबदबा रहा
भारतीय महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 19-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। गत चैंपियन भारत ने गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में शुरुआत से ही पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा और पूरे मैच में गोल करने का सिलसिला जारी रखा।
भारत ने सातवें मिनट में पूजा साहू के गोल से मुकाबले की शुरुआत की। इसके दो मिनट बाद रोशनी ऐंद ने गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार हमले किए। 11वें मिनट में तनुश्री दिनेश कडू और 13वें मिनट में सुखवीर कौर ने गोल किया। इसी मिनट सानिका चंद्रकांत माने ने भी गोल दाग दिया।
पहले हाफ में भारत 10-0 से आगे
भारत की आक्रामक हॉकी का सिलसिला आगे भी जारी रहा। मधु सिदार ने 16वें मिनट में गोल किया, जबकि गीता यादव ने 18वें मिनट में स्कोर बढ़ाया। सानिका चंद्रकांत माने ने 23वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया।
इसके बाद तनुजा टोप्पो ने 25वें मिनट और पूजा मलिक ने 27वें मिनट में गोल किया। पहले हाफ के 33वें मिनट में पूर्णिमा यादव ने भी गोल दागा। इस तरह मध्यांतर तक भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ 10-0 की बढ़त बना चुकी थी।
दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा
दूसरे हाफ में भी पाकिस्तान की टीम भारतीय हमलों का सामना नहीं कर सकी। मधु सिदार ने 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। इसके एक मिनट बाद सुप्रिया ने गोल कर अपना खाता खोला।
पूजा मलिक ने 49वें और 51वें मिनट में लगातार दो गोल किए और अपनी हैट्रिक पूरी की। इससे पहले कृष्णा शर्मा ने 48वें मिनट में गोल किया था। सुप्रिया ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा, जबकि बिनीमा धन ने 55वें मिनट में गोल किया।
मुकाबले के आखिरी मिनट में रोशनी ऐंद ने अपना दूसरा गोल किया और भारत का स्कोर 19 तक पहुंचा दिया। इस तरह भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी।
ग्रुप चरण में भी भारत का शानदार प्रदर्शन
क्वार्टर फाइनल से पहले भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में भी अजेय रहते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। भारत ने जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हराकर ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया था।
अब सेमीफाइनल में भारत का सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। भारतीय टीम की नजर लगातार तीसरी बार जूनियर महिला एशिया कप का खिताब जीतने पर है। भारत ने इससे पहले 2023 और 2024 में यह खिताब अपने नाम किया था।
पाकिस्तान के खिलाफ 19 गोल की जीत के साथ मौजूदा चैंपियन ने अपने मजबूत इरादे जाहिर कर दिए हैं।
भारत के गोल
पूजा साहू (7'), रोशनी ऐंद (9', 60+'), तनुश्री दिनेश कडू (11'), सुखवीर कौर (13'), सानिका चंद्रकांत माने (13', 23'), मधु सिदार (16', 39'), गीता यादव (18'), तनुजा टोप्पो (25'), पूजा मलिक (27', 49', 51'), पूर्णिमा यादव (33'), सुप्रिया (40', 54'), कृष्णा शर्मा (48'), बिनीमा धन (55')।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.