अरुणाचल प्रदेश में तूफान के दौरान पहाड़ी से गिरे अग्निवीर, बागपत के लव सांगवान की मौत

HIGHLIGHTS
- अरुणाचल प्रदेश में तूफान के दौरान पहाड़ी से गिरने से अग्निवीर लव सांगवान की मौत।
- वर्ष 2022 में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए थे लव सांगवान।
- मंगलवार को गांव में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार।
बागपत: अरुणाचल प्रदेश में तूफान के दौरान पहाड़ी से गिरने के कारण बागपत के लूंब गांव निवासी अग्निवीर लव सांगवान (25) की मौत हो गई। लव अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। मंगलवार को हवाई जहाज से उनका पार्थिव शरीर पहले दिल्ली और फिर गांव लाया गया। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अग्निवीर को अंतिम विदाई देते समय लोगों की आंखें नम हो गईं, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
लूंब गांव के प्रधान बहादुर सिंह ने बताया कि अग्निवीर लव सांगवान मूल रूप से मेरठ जिले के कलंजरी गांव के रहने वाले थे। चुनावी रंजिश के चलते उनके पिता इंद्रपाल फौजी की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद करीब 10 साल पहले लव अपनी तहेरी बहन दीपा के साथ लूंब गांव में अपनी बुआ पूनम के यहां रहने आ गए थे। यहीं रहकर उन्होंने पढ़ाई की और सेना में भर्ती होने की तैयारी की। वर्ष 2022 में अग्निवीर के रूप में भर्ती होने के बाद उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में थी।
बहादुर सिंह के अनुसार, सोमवार को पहाड़ी पर गश्त के दौरान अचानक तूफान आने से अग्निवीर लव सांगवान वहां फंस गए। इसी दौरान पैर फिसलने से वह पहाड़ी से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।
मंगलवार दोपहर कर्नल निर्दोष कुमार, कर्नल योगेश मिश्रा, मेजर अंकित कुमार और दीपांशु अग्निवीर का पार्थिव शरीर लेकर दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर रमाला गेट पहुंचे। वहां से सेना के काफिले के साथ लोगों की भीड़ उनके शव को लेकर गांव पहुंची। इस दौरान ‘लव सांगवान अमर रहें’ के नारे लगाए गए। लोगों ने उनकी अंतिम यात्रा पर फूल बरसाकर श्रद्धांजलि दी। उनके फुफेरे भाई शिवम ने चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में जयदेव आर्य, प्रधान बहादुर सिंह, मनीष चौहान, कृष्णवीर प्रधान समेत अन्य लोग शामिल हुए।
इकलौते बेटे थे लव सांगवान, बहन की हालत बिगड़ी
अग्निवीर लव सांगवान अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही उनकी तहेरी बहन दीपा की हालत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। दीपा की शादी मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.