केशव मौर्य ने अखिलेश-राहुल को बताया अहंकारी, सपा प्रमुख ने दिया जवाब

HIGHLIGHTS
- केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर अहंकार का आरोप लगाया।
- अखिलेश यादव ने केशव मौर्य को स्वाभिमान शून्य बताया।
- सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार की नीतियों को महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी को अत्यधिक अहंकारी बताते हुए आरोप लगाया कि दोनों नेता दूसरे नेताओं के लिए सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं करते। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन नेताओं को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी नेताओं की भाषा और उनके व्यवहार पर भी सवाल उठाए।
केशव मौर्य ने केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी नेता के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं किया। इसे अपने राजनीतिक संस्कार से जोड़ते हुए उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा।
अखिलेश ने केशव मौर्य को बताया स्वाभिमान शून्य
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्य को स्वाभिमान शून्य करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर उनमें स्वाभिमान होता तो जनता के चुनाव हराने के बाद वह सरकार में नहीं रहते। प्रमुख मंत्रालय छिनने पर चुप्पी नहीं साधते और वर्चस्ववादियों की ओर से दिए गए अपमान के घूंट नहीं पीते। अखिलेश ने यह भी कहा कि पीडीए का दमन और उत्पीड़न करने वाले प्रभुत्ववादियों के पिछलग्गू नहीं बनते।
सरकार की गलत नीतियों से बढ़ी महंगाई: अखिलेश
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी गलत नीतियों और मुनाफाखोरी के चलते महंगाई ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उनके मुताबिक, महंगाई चरम पर पहुंच गई है और खाद्य पदार्थों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई पर काबू पाने में पूरी तरह नाकाम रही है और जनता महंगाई की मार झेल रही है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतें पहले से ही आसमान पर हैं।
अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि सरकार के विभिन्न विभागों के आंकड़े बता रहे हैं कि महंगाई के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई बढ़ाकर की जा रही लूट में भाजपा को चंदे के रूप में हिस्सा मिलता है। उनके अनुसार, त्योहार आते ही जनता से होने वाली यह लूट और बढ़ जाती है, जिससे त्योहारों की रौनक फीकी पड़ गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में रहने तक महंगाई बढ़ती रहेगी और जनता की लूट जारी रहेगी। अखिलेश यादव ने दावा किया कि महंगाई और बेरोजगारी से परेशान जनता ने भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का फैसला कर लिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.