iPhone 18 Pro और Pro Max लॉन्च, कैमरा से बैटरी तक बड़े अपग्रेड; जानें कीमत

HIGHLIGHTS
- A20 Pro चिप के साथ बेहतर परफॉर्मेंस और पावर एफिशिएंसी
- 48MP कैमरा में पहली बार डायनेमिक अपर्चर सिस्टम
- iPhone 18 Pro Max में 45 घंटे तक वीडियो प्लेबैक का दावा
एपल ने आखिरकार अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने इस बार डिजाइन के साथ-साथ AI ऑथेंटिकेशन, हार्डवेयर कूलिंग और कैमरा प्रोसेसिंग में भी बड़े बदलाव किए हैं, जो प्रो-यूजर्स के अनुभव को एक नए स्तर पर ले जा सकते हैं। आईफोन 18 प्रो को बरगंडी, स्काई ब्लू, सिल्वर और ब्लैक रंगों में पेश किया गया है।
एआई तस्वीरों की पहचान होगी आसान
एआई से बनी और असली तस्वीरों के बीच अंतर समझना आसान बनाने के लिए एपल ने इमेज ऑथेंटिसिटी पर भी फोकस किया है। आईफोन 18 प्रो से क्लिक की गई तस्वीरों के लिए एपल ने रिफ्रेंस इमेज स्टैंडर्ड पेश किया है। वहीं, कंपनी ने गूगल के सिंथआईडी प्रोटोकॉल के लिए भी सपोर्ट दिया है। इससे फोटो के ओरिजिन और उसकी प्रामाणिकता की जानकारी हासिल करना आसान हो सकता है।
तीन गुना बड़ा वेपर चैंबर
आईफोन 18 प्रो में थर्मल मैनेजमेंट को बेहतर बनाने के लिए नया वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम दिया गया है। यह सिस्टम नए A20 Pro चिप के साथ काम करता है और लंबे समय तक हाई परफॉर्मेंस बनाए रखने में मदद करता है।
इसका फायदा खास तौर पर गेमिंग, वीडियो एडिटिंग और दूसरे हैवी टास्क के दौरान मिल सकता है। एपल ने A20 Pro को 2nm प्रोसेस पर तैयार किया है और इसमें परफॉर्मेंस के साथ पावर एफिशिएंसी पर भी फोकस किया गया है।
बैटरी और फास्ट चार्जिंग में भी सुधार
आईफोन 18 प्रो सीरीज में बैटरी परफॉर्मेंस को भी बेहतर किया गया है। आईफोन 18 प्रो मैक्स को अब तक के सबसे बेहतर बैटरी बैकअप वाले आईफोन के तौर पर पेश किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक प्रो मैक्स में 45 घंटे तक वीडियो प्लेबैक का दावा किया गया है। वहीं, आईफोन 18 प्रो में करीब 36 घंटे तक वीडियो प्लेबैक मिल सकता है।
फास्ट चार्जिंग को भी अपग्रेड किया गया है। कंपनी के मुताबिक आईफोन 18 प्रो को सिर्फ 15 मिनट चार्ज करने पर करीब 6 घंटे तक वीडियो प्लेबैक का बैकअप मिल सकता है।
पहली बार मिला डायनेमिक अपर्चर कैमरा
कैमरा आईफोन 18 प्रो के सबसे बड़े अपग्रेड में से एक है। इसमें 48MP मेन कैमरा के साथ डायनेमिक या वेरिएबल अपर्चर दिया गया है। छह-ब्लेड वाले इस सिस्टम की मदद से कैमरा लेंस में आने वाली रोशनी को नियंत्रित किया जा सकता है। इसका फायदा खास तौर पर कम रोशनी में फोटो खींचने और अलग-अलग लाइटिंग कंडीशन में बेहतर एक्सपोजर हासिल करने में मिल सकता है। Apple ने कैमरा सॉफ्टवेयर में भी कई नए प्रो कंट्रोल्स जोड़े हैं।
नया A20 Pro चिप
परफॉर्मेंस के लिए आईफोन 18 प्रो सीरीज में नया A20 Pro चिपसेट दिया गया है। इसमें 6-कोर CPU और 7-कोर GPU दिया गया है। Apple के मुताबिक नई चिप पिछली पीढ़ी की तुलना में परफॉर्मेंस में बड़ा सुधार देती है, साथ ही पावर एफिशिएंसी भी बेहतर हुई है।
कितनी है नए आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की कीमत?
एपल ने आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की शुरुआती कीमतों का भी ऐलान कर दिया है। आईफोन 18 प्रो की शुरुआती कीमत 1,199 डॉलर रखी गई है और इसका बेस मॉडल 256GB स्टोरेज के साथ आता है। वहीं, आईफोन 18 प्रो मैक्स की शुरुआती कीमत 1,299 डॉलर है और इसका बेस वेरिएंट भी 256GB स्टोरेज के साथ उपलब्ध है।
फिलहाल भारत में आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की कीमत की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। भारतीय बाजार के लिए कीमत और उपलब्धता की जानकारी एपल की ओर से अलग से अपडेट की जा सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.