WhatsApp Web यूजर्स सावधान! हैकर्स कर सकते हैं अकाउंट हाईजैक, सरकार ने जारी की चेतावनी

HIGHLIGHTS
- सरकार ने WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों के लिए साइबर सुरक्षा चेतावनी जारी की है।
- NCTAU के मुताबिक, हैकर्स एक्टिव और ऑथेंटिकेटेड सेशन का फायदा उठाकर अकाउंट हाईजैक कर सकते हैं।
- साइबर अपराधी निजी मैसेज, कॉन्टैक्ट लिस्ट और ग्रुप चैट पढ़ सकते हैं।
नई दिल्ली। व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए सरकार के साइबर अपराध विरोधी विभाग ने सुरक्षा चेतावनी जारी की है। नई एडवाइजरी में इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के अंतर्गत काम करने वाली नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने बताया है कि हैकर्स व्हाट्सएप वेब के एक्टिव और ऑथेंटिकेटेड सेशन का गलत फायदा उठाकर यूजर्स के अकाउंट पर कब्जा कर सकते हैं।
इस तरह की सेंधमारी से यूजर्स की निजी चैट और व्यक्तिगत जानकारी खतरे में पड़ सकती है। इसके अलावा, उनकी पहचान का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी भी की जा सकती है।
हैकर्स के हाथ लग सकते हैं निजी मैसेज
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एडवाइजरी में बताया गया है कि अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच मिलने के बाद साइबर अपराधी यूजर्स के निजी मैसेज पढ़ सकते हैं। इतना ही नहीं, वे कॉन्टैक्ट लिस्ट और ग्रुप चैट भी देख सकते हैं। हैकर्स अकाउंट के असली मालिक की पहचान बनाकर दूसरों को मैसेज भेज सकते हैं और इसका इस्तेमाल धोखाधड़ी, फिशिंग तथा सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों के लिए कर सकते हैं।
सिर्फ ब्राउजर बंद करने से लॉगआउट नहीं होता
I4C ने स्पष्ट किया है कि कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब इस्तेमाल करने के बाद केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। ऐसा करने से व्हाट्सएप वेब का सेशन समाप्त नहीं होता। इसलिए कंप्यूटर पर काम पूरा होने के बाद यूजर्स को अपने अकाउंट से मैन्युअल रूप से लॉगआउट करना चाहिए।
एडवाइजरी में खास तौर पर ऑफिस के कंप्यूटर, साझा सिस्टम, सार्वजनिक कंप्यूटर और ऐसे डिवाइसों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, जिनका इस्तेमाल अन्य लोग भी करते हैं।
इसके साथ ही व्हाट्सएप वेब पर आधिकारिक या संवेदनशील काम करने से बचने की हिदायत दी गई है। सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय, गोपनीय और दूसरी महत्वपूर्ण जानकारियों को कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब के जरिए साझा नहीं करना चाहिए।
अकाउंट की सुरक्षा के लिए अपनाएं ये सावधानियां
अकाउंट को हैकर्स की अनधिकृत पहुंच से सुरक्षित रखने के लिए I4C ने यूजर्स को कई जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।
सार्वजनिक और अनजान डिवाइस पर लॉगिन से बचें: साइबर कैफे के कंप्यूटर, सार्वजनिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर, दूसरे लोगों के लैपटॉप और अनजान डिवाइस पर व्हाट्सएप वेब में लॉगिन करने से बचना चाहिए।
इनकॉग्निटो मोड के साथ मैन्युअल लॉगआउट करें: यदि किसी साझा कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो ब्राउजर के इनकॉग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का उपयोग करें। काम पूरा होने के बाद अकाउंट से खुद लॉगआउट करना न भूलें।
अकाउंट की गतिविधियों पर नजर रखें: अपने व्हाट्सएप अकाउंट में होने वाली गतिविधियों को लेकर सतर्क रहें। यदि आपके नंबर से ऐसा कोई मैसेज भेजा जाता है, जिसे आपने नहीं भेजा है, कॉन्टैक्ट्स की ओर से कोई असामान्य प्रतिक्रिया मिलती है या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो तुरंत सावधान हो जाएं।
डिवाइस और सॉफ्टवेयर अपडेट रखें: अपने डिवाइस, ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को समय-समय पर अपडेट करते रहें। इसके अलावा संदिग्ध डाउनलोड, अनजान फाइलों और क्रैक्ड सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करने से बचें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.