नेपाल बाढ़ पर खरगे ने PM मोदी और अमित शाह को लिखा पत्र, भारतीयों की सुरक्षित वापसी की मांग

HIGHLIGHTS
- नेपाल में बाढ़ से बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान का जिक्र
- मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक 600 से ज्यादा लोगों की मौत
- करीब दो हजार लोगों के अभी भी लापता होने की बात
नई दिल्ली। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने और बाढ़ प्रभावित नेपाल को मानवीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में खरगे ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में बड़े स्तर पर जान-माल का नुकसान हुआ है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अब तक 600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और करीब दो हजार लोग अभी भी लापता हैं। हजारों लोग भोजन, दवाओं, आश्रय और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान हैं।
खरगे ने प्रधानमंत्री से किया ये अनुरोध
मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया कि नेपाल सरकार के साथ समन्वय कर बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए पर्याप्त मानवीय और राहत सहायता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नेपाल के विभिन्न हिस्सों में फंसे भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों को लेकर भी चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को बचाव और निकासी अभियान तेज करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि प्रभावित भारतीयों की सुरक्षित और जल्द भारत वापसी के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा सकें।
विदेश मंत्रालय से मिली ताजा जानकारी का हवाला देते हुए खरगे ने बताया कि नेपाल में करीब 320 भारतीय नागरिक अभी भी संपर्क में नहीं हैं और उनका पता नहीं चल पाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार इस मुश्किल समय में हर संभव सहायता के लिए तत्काल कदम उठाएगी।
'दुख की घड़ी में नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए'
गृह मंत्री अमित शाह को लिखे अलग पत्र में खरगे ने कहा कि नेपाल में बाढ़ के कारण गंभीर प्राकृतिक आपदा की स्थिति पैदा हुई है। जनहानि के साथ घरों और बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है और बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं, जिससे प्रभावित समुदायों के सामने गंभीर परेशानियां खड़ी हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के लोगों के नेपाल के लोगों के साथ गहरे और लंबे समय से चले आ रहे संबंध हैं। ऐसे दुख के समय में भारत को अपने पड़ोसी के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए और आपदा से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देनी चाहिए।
खरगे ने सरकार से नेपाल को तत्काल और व्यापक मानवीय एवं आपदा राहत सहायता देने पर विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने खास तौर पर नेपाल सरकार के साथ समन्वय में जरूरत वाले क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें तैनात करने पर विचार करने की बात कही, ताकि बचाव, निकासी और राहत कार्यों में सहायता मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में एनडीआरएफ की विशेषज्ञता और अनुभव लोगों की जान बचाने और इस बड़ी त्रासदी का सामना कर रहे प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
खरगे ने उम्मीद जताई कि गृह मंत्रालय इस मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ देखेगा और बाढ़ प्रभावित नेपाल के लोगों तक भारत की मदद पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.