मुजफ्फरनगर में देर रात पुलिस मुठभेड़, दिलावर का साथी दिलशाद गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुठभेड़ शाहपुर रोड स्थित मदीनपुर के जंगल में हुई।
- गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के पत्थरगढ़ का निवासी है।
- पुलिस ने मौके से तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। शाहपुर रोड पर मदीनपुर के जंगल में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान हरियाणा के पत्थरगढ़ निवासी मंजूर का पुत्र दिलशाद गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस सुबह हुई मुठभेड़ के बाद से फरार बदमाशों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान शाहपुर रोड स्थित मदीनपुर के जंगल में पुलिस का सामना दिलशाद से हो गया। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
मौके पर पहुंचे सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दिलशाद सुबह मुठभेड़ के दौरान फरार हुए शातिर गोकश दिलावर का साथी है। शनिवार सुबह पुलिस की कार्रवाई के दौरान वह जंगल के रास्ते भाग निकला था। इसके बाद वह जंगल में भटक रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। सीओ ने आरोपी को शातिर गोकश बताया।
गिरफ्तार बदमाश पर 8 मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक, दिलशाद के खिलाफ उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सात से आठ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस बरामद हथियारों की जांच करने के साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
नवनियुक्त एसएसपी सूरज कुमार राय के कार्यभार संभालने के बाद बुढ़ाना पुलिस की एक ही दिन में दूसरी मुठभेड़ क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.