मेरठ: युवक की गोली मारकर हत्या, आखिरी कॉल में बोला- आज ये लोग मुझे मार देंगे

मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर कैली अंडरपास के पास मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां स्कॉर्पियो सवार एक युवक का गोली लगा शव बरामद किया गया। मृतक के सिर में तीन गोलियां लगी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और वाहन को भी जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हापुड़ जिले के दयोमी गांव निवासी 25 वर्षीय तुषार त्यागी के रूप में हुई है। मामले में उसकी पत्नी शिखा त्यागी ने राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के जिला अध्यक्ष बिट्टू त्यागी समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
शिखा त्यागी ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे तुषार किसी काम से स्कॉर्पियो लेकर घर से निकले थे। कुछ देर बाद उनके मोबाइल से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें बताया गया कि हापुड़ निवासी बिट्टू त्यागी और उसके साथी उन्हें जंगल की ओर ले जा रहे हैं और उनकी जान को खतरा है। इसके बाद तुषार के दोनों मोबाइल बंद हो गए।
परिजनों ने तुरंत उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान मृतक के दोस्त क्रिश के फोन पर बिट्टू त्यागी की कॉल आई, जिसमें कथित तौर पर बताया गया कि तुषार को गोली मार दी गई है और उनकी गाड़ी कैली ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर खड़ी है। इसके बाद कॉल काट दी गई।
मौके पर मिला शव
परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तो स्कॉर्पियो की ड्राइवर सीट पर तुषार का खून से लथपथ शव मिला। गंभीर हालत में उन्हें एनसीआर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुराना विवाद भी आया सामने
परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव के ही तरुण त्यागी से तुषार का विवाद हुआ था, जिसमें धमकी देने की बात भी सामने आई थी। बाद में बिट्टू त्यागी के आवास पर दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया था।
पुलिस जांच जारी
घटना के बाद एसपी देहात अभिजीत कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के जिला अध्यक्ष बिट्टू त्यागी और तरुण त्यागी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.