सर्पदंश का रूप देकर छिपाई थी हत्या, मेरठ के अमित केस में कोर्ट ने तय की फैसले की तारीख

HIGHLIGHTS
- अमित का शव 13 अप्रैल 2025 की सुबह चारपाई पर मिला था।
- शव के नीचे एक जिंदा सांप दबा हुआ मिला था।
- शरीर पर सांप के डसने के 10 निशान बताए गए थे।
मेरठ। बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव में अमित कश्यप उर्फ मिक्की (25) की हत्या के मामले में कोर्ट ने फैसले की तारीख निर्धारित कर दी है। आरोप है कि अमित की पत्नी रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या की और वारदात को सर्पदंश से मौत का रूप देने की साजिश रची थी।
कोर्ट में दर्ज गवाहों के बयान और पेश किए गए साक्ष्यों के मुताबिक, हत्या वाली रात 12 अप्रैल 2025 से 16 अप्रैल की सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी तक रविता और अमरदीप के बीच मोबाइल फोन पर 51 बार बातचीत हुई थी। मामले में आरोपी अमरदीप को हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है, जबकि रविता अभी जिला कारागार में है।
13 अप्रैल 2025 की सुबह अकबरपुर सादात गांव में अमित का शव उसके बिस्तर पर मिला था। शव के नीचे एक जिंदा सांप दबा हुआ था। उसके शरीर पर सांप के डसने के 10 निशान भी मिले थे। अमित की पत्नी रविता ने दावा किया था कि उसकी मौत सांप के काटने से हुई है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि अमित की मौत सांप के डसने से नहीं, बल्कि दम घुटने से हुई थी। इसके बाद पुलिस को गला दबाकर हत्या किए जाने का संदेह हुआ। रविता और अमरदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो शुरुआत में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पूजा के बहाने खरीदा गया था सांप
सहायक शासकीय अधिवक्ता फरजाना मकसूद के अनुसार, अमित और अमरदीप साथ में पत्थर लगाने का काम करते थे और दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इसी दौरान अमरदीप की रविता से नजदीकियां बढ़ीं। अमित को इसकी जानकारी होने लगी और उसने इसका विरोध किया।
आरोप है कि इसके बाद दोनों ने अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। अमरदीप ने पूजा के बहाने अपने परिचित कृष्ण से एक हजार रुपये में सांप खरीदा था। उसे डर था कि सांप उसे या रविता को न काट ले, इसलिए उसने विष रहित सांप देने के लिए कहा था। कृष्ण अपने परिचित कथित सपेरे प्रीतम से घोड़ा पछाड़ सांप लेकर आया था।
12 गवाहों के बयान हुए दर्ज
एडीजीसी ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। कृष्ण और प्रीतम को पुलिस ने गवाह बनाया। अमित के भाई मोनू कश्यप ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मोनू कश्यप, जांच अधिकारी, पंचनामा भरने वाले पुलिसकर्मी और पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक समेत कुल 12 गवाहों के बयान कोर्ट में दर्ज किए गए।
एडीजीसी के मुताबिक आरोपियों की मोबाइल सीडीआर भी कोर्ट में पेश की गई। टेलीकॉम कंपनी के नोडल अधिकारी के बयान भी दर्ज हुए। इससे दोनों के लगातार संपर्क में रहने की पुष्टि हुई।
आरोप है कि दोनों एक-दूसरे से बातचीत कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे थे कि उनकी साजिश की जानकारी किसी को हुई है या नहीं। रविता फोन पर अमरदीप को पुलिस के आने और उस पर शक होने की जानकारी देती रही।
गला दबाकर की गई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, अमित की हत्या 13 अप्रैल 2025 को हुई थी। आरोप है कि प्रेम संबंध में बाधक बनने के कारण रविता ने अमरदीप के साथ मिलकर पति की हत्या की। रविता ने अमित के हाथ पकड़े और उसका मुंह दबाया, जबकि अमरदीप ने उसका गला दबाया।
हत्या को हादसा दिखाने के लिए अमित की कमर के नीचे सांप रख दिया गया था।
चारपाई पर मिला था शव
अकबरपुर सादात निवासी अमित कश्यप उर्फ मिक्की पुत्र विजयपाल का शव रविवार 13 अप्रैल को परिजनों को चारपाई पर मिला था। उसके पास एक जिंदा सांप बैठा था। सांप के काटने की आशंका में परिजन उसे प्यारेलाल शर्मा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया।
एक हजार रुपये में खरीदा था सांप
आरोप के मुताबिक अमरदीप ने अमित की मौत को सांप के काटने से हुई बताने के लिए महमूदपुर सिखेड़ा निवासी निखिल से एक हजार रुपये में सांप खरीदा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद हत्या का खुलासा हुआ। गिरफ्तार अमरदीप ने निखिल से सांप खरीदने की बात मीडिया को बताई थी।
आठ साल पहले हुई थी अमित की शादी
अकबरपुर सादात निवासी अमित कश्यप उर्फ मिक्की की शादी करीब आठ साल पहले मुजफ्फरनगर जिले के सैदपुर गांव निवासी रविता से हुई थी। रविता के परिवार में दो बहन और एक भाई हैं। उसकी दूसरी सौतेली मां से भी दो भाई हैं।
हत्या से पहले पति के साथ गई थी शाकंभरी देवी मंदिर
12 अप्रैल को अमित और रविता शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। आरोप है कि दोनों ने पहले ही रात में अमित की हत्या करने की योजना बना ली थी। अमरदीप ने शाम को ही सांप का इंतजाम कर लिया था और उसे अकबरपुर सादात गांव के बाहर एक थैले में बंद करके झाड़ियों में छिपा दिया था।
शाकंभरी देवी के दर्शन से लौटते समय रविता और अमित ने बाईपास तिराहा कस्बा बहसूमा पर अमरदीप को देखा था।
रात में हुआ था पति-पत्नी के बीच विवाद
इस बात को लेकर अमित और रविता के बीच विवाद भी हुआ था। रात में खाना खाने के बाद करीब साढ़े नौ बजे रविता ने अमरदीप को फोन कर घर आने के लिए कहा। उस समय तक अमित सो चुका था। रविता के बुलाने पर अमरदीप सांप लेकर उसके घर पहुंचा।
आरोप है कि पहले दोनों की योजना अमित को सांप से डसवाकर मारने की थी, लेकिन सांप के खुद उन्हें काटने के डर से उन्होंने गला दबाकर हत्या करने का फैसला किया।
पोस्टमार्टम से खुला हत्या का राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अमित की मौत सांप के डसने के बजाय दम घुटने से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने गला दबाकर हत्या की आशंका के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ के बाद पुलिस के अनुसार, रविता और अमरदीप द्वारा अमित की हत्या किए जाने का खुलासा हुआ।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.