सौरभ हत्याकांड में मुस्कान-साहिल दोषी करार, अब फांसी या उम्रकैद पर टिकी नजर

HIGHLIGHTS
- जज ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए दोनों से बातचीत की।
- मुस्कान से पूछा गया कि उसे क्या सजा मिलनी चाहिए और क्या वह कुछ कहना चाहती है।
- मुस्कान ने अदालत के सामने कुछ भी कहने से इनकार किया।
सौरभ हत्याकांड ने समाज को झकझोर कर रख दिया था। इस मामले के बाद मेरठ ही नहीं, देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने की कई वारदातें सामने आई थीं। सौरभ की हत्या के मामले में पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को दोषी करार देते समय अदालत की ओर से की गई टिप्पणी को समाज के लिए एक संदेश माना जा रहा है।
सौरभ की मां रेनू और भाई बबलू का भी कहना है कि इस मामले का फैसला देश और समाज के लिए नजीर बनेगा। सौरभ के परिजनों की मांग है कि दोनों दोषियों को सजा-ए-मौत यानी फांसी की सजा दी जाए।
पति-पत्नी के रिश्ते को रक्तरंजित करने वाले सौरभ हत्याकांड के फैसले वाले बुधवार को सुबह से ही न्यायालय परिसर में गहमागहमी रही। सुबह जानकारी सामने आई कि मामले में फैसला लंच के बाद सुनाया जाएगा। इसके बाद दोपहर ढाई बजे और फिर शाम साढ़े चार बजे फैसला सुनाए जाने की जानकारी दी गई। इससे संकेत मिला कि जिला जज इस फैसले को लेकर गंभीरता से मंथन कर रहे थे।
शाम करीब साढ़े चार बजे मुस्कान और साहिल को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जिला कारागार से अदालत के सामने पेश किया गया। जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा शाम 4:51 बजे न्यायालय में अपनी सीट पर पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कहा, “साहिल शुक्ला... आवाज सुनाई दे रही है। हाथ उठाओ।” इसके बाद उन्होंने मुस्कान रस्तोगी से पूछा कि आपको क्या सजा मिलनी चाहिए और क्या आपको कुछ कहना है।
मुस्कान ने जवाब दिया कि उसे कुछ नहीं कहना। इसके बाद जिला जज ने कहा कि हमने जो करना था कर दिया। फिर उन्होंने सख्त टिप्पणी करते हुए मुस्कान और साहिल को दोषी करार दिया। अदालत ने सजा का ऐलान 15 दिन बाद करने की बात कही। पूरी प्रक्रिया करीब तीन मिनट में पूरी हो गई।
‘मेरे बेटे के बाद कई बेटों की हुई हत्या’
सौरभ की मां रेनू देवी ने कहा कि उनके बेटे की हत्या के बाद कई महिलाओं के बेटों की हत्या हुई। उन्होंने कहा कि मुस्कान ने एक बार भी यह नहीं सोचा कि उन्होंने सौरभ को नौ महीने अपनी कोख में रखा, उसे पढ़ाया-लिखाया और बड़ा किया।
रेनू देवी के मुताबिक, उनके घर में किसी चीज की कमी नहीं थी और उनके बेटे को अच्छा वेतन मिलता था। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही मुस्कान उनके बेटे को उनसे अलग करना चाहती थी। तीन साल बाद मुस्कान उनके बेटे और अपनी बेटी को लेकर किराये के मकान में रहने लगी थी।
सौरभ के भाई बबलू ने बताया कि सौरभ के लंदन जाने के बाद मुस्कान के ब्रह्मपुरी की रंजनवाली गली में रहने वाले साहिल शुक्ला से संबंध हो गए थे। इसके बाद सौरभ परेशान रहने लगा था। बबलू के अनुसार, सौरभ ने मुस्कान और साहिल से जान का खतरा होने की बात कहते हुए परिजनों को इसकी जानकारी दी थी।
उम्रकैद से फांसी तक की सजा का प्रावधान
सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को दोषी ठहराए जाने के बाद अब सजा के ऐलान पर सबकी निगाहें हैं। कानूनी विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बेहद जघन्य और सुनियोजित अपराध है, जिसमें कानून के तहत आजीवन कारावास से लेकर फांसी तक की सजा का प्रावधान है।
हालांकि, सजा के निर्धारण को लेकर शहर के वरिष्ठ अधिवक्ताओं की अलग-अलग राय है। कुछ कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि अपराध की क्रूरता को देखते हुए फांसी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, कुछ अन्य विशेषज्ञों का कहना है कि मुख्य आरोपी मुस्कान की छोटी बेटियों के भविष्य और उनकी परवरिश के मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए अदालत फांसी के बजाय उम्रकैद की सजा का विकल्प चुन सकती है।
एक राय के मुताबिक, ऐसे मामलों में कई बार आजीवन कारावास की सजा दी जाती है। अपराध की प्रकृति को देखते हुए फांसी की संभावना भी बनी हुई है। यह हत्या बड़ी साजिश के बाद किए जाने की बात कही गई है। वहीं, यदि आरोपी फांसी की सजा से बचते हैं तो मुस्कान की छोटी-छोटी बच्चियों का भविष्य इसका एक आधार हो सकता है और अदालत इस पहलू को भी ध्यान में रखकर फैसला कर सकती है।
एक अन्य कानूनी राय के अनुसार, मुस्कान और साहिल दोनों मुल्जिम हैं और अदालत उन्हें दोषी करार दे चुकी है। आजीवन कारावास की सजा हो सकती है, लेकिन फांसी की सजा होना मुश्किल बताया गया है। इस राय में मुस्कान की दो छोटी बेटियों का भी जिक्र किया गया है और कहा गया है कि संविधान में यह भी देखा जाता है कि मां के अलावा उनकी परवरिश करने वाला कौन होगा।
सौरभ की हत्या से पहले बेटी पीहू का मनाया था जन्मदिन
लंदन से लौटने के बाद सौरभ ने 25 फरवरी को एक रेस्टोरेंट में बेटी पीहू का जन्मदिन मनाया था। इस मौके का एक वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में सौरभ के साथ उसकी पत्नी मुस्कान कदम से कदम मिलाकर डांस करती दिखाई दे रही है। पीहू भी डांस में अपने माता-पिता का साथ दे रही थी।
वीडियो देखने पर ऐसा नहीं लगता था कि मुस्कान के मन में सौरभ के लिए इतनी नफरत थी। वीडियो में परिवार के बीच काफी प्यार नजर आ रहा था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.