मुजफ्फरनगर में 33 केवी लाइन में फॉल्ट, टाउनहॉल बिजलीघर की सप्लाई ठप; DM-SSP कार्यालय भी प्रभावित

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के टाउनहॉल बिजलीघर की 33 केवी लाइन में खराबी से बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
- जिलाधिकारी, एसएसपी कार्यालय समेत कई वीआईपी क्षेत्रों और करीब 750 उपभोक्ताओं पर बिजली संकट का असर पड़ा।
- बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट तलाशने में जुटी हैं, जल्द आपूर्ति बहाल करने का दावा किया गया है।
मुजफ्फरनगर: शहर के प्रमुख टाउनहॉल बिजलीघर से जुड़ी बिजली आपूर्ति मंगलवार सुबह अचानक बाधित हो गई। नरा बिजलीघर से आने वाली 33 केवी विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या सामने आई। बिजली गुल होने से जिलाधिकारी और एसएसपी कार्यालय समेत कई महत्वपूर्ण इलाकों के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

टाउनहॉल बिजलीघर से शहर के कई प्रमुख क्षेत्र जैसे शिव चौक, एसडी मार्केट, झांसी की रानी, रुड़की रोड और सदर बाजार जुड़े हुए हैं। इसके अलावा कलेक्ट्रेट, न्यायालय परिसर, जिलाधिकारी कार्यालय, एसएसपी कार्यालय और अधिकारियों व न्यायिक अधिकारियों की कॉलोनियों में भी इसी बिजलीघर से आपूर्ति होती है।
बिजली बाधित होने से सरकारी कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हुआ। कई विभागों में जनरेटर की मदद से जरूरी काम पूरे किए जा रहे हैं। वहीं, लंबे समय तक बिजली नहीं आने से घरों और दुकानों में लगे इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं। बारिश के बीच बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
बिजली विभाग के अनुसार, टाउनहॉल बिजलीघर से करीब 750 उपभोक्ता जुड़े हैं, जो सुबह से बिजली बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। विभाग की टीमें लाइन में आई खराबी को तलाशने में जुटी हैं। मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों से लगातार अपडेट ले रहे हैं।

अधिशासी अभियंता (नगरीय) सागरमल ने बताया कि नरा बिजलीघर से आने वाली 33 केवी लाइन में तकनीकी फॉल्ट के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि खराबी का पता लगाने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं और फॉल्ट मिलते ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.