देहरादून में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, टिहरी समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
By Hitesh — August 17, 2026

HIGHLIGHTS
- देहरादून और टिहरी में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
- प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है।
- कैम्पटी फॉल में तालाब में गिरे पानीपत निवासी पर्यटक को पुलिस ने बाहर निकाला।
Author: — Dainik Dehat
देहरादून में देर शाम मौसम में बदलाव देखने को मिला। शहर में हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ स्थानों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। साथ ही आकाशीय बिजली चमकने की आशंका भी जताई गई है। डीएम ने सोमवार को देहरादून में स्कूलों की छुट्टी के आदेश जारी किए हैं। जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।
कैम्पटी फॉल में नहाते समय तालाब में गिरा पर्यटक
कैम्पटी फॉल में रविवार दोपहर नहाने के दौरान एक पर्यटक अचानक तालाब में गिर गया। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए मसूरी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पर्यटक को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कैम्पटी थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि रविवार 16 अगस्त को दोपहर सूचना मिली थी कि कैम्पटी फॉल में नहाते समय पानीपत निवासी 32 वर्षीय अजय गौतम तालाब में गिर गया है। अजय गौतम अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ कैम्पटी फॉल घूमने आया था।
सूचना मिलने के बाद कैम्पटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अजय गौतम को तालाब से बाहर निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद थाना परिसर के 112 वाहन से उसे मसूरी प्राथमिक चिकित्सालय भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
थानाध्यक्ष के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद पर्यटक की तबीयत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.