मुजफ्फरनगर: जनगणना ड्यूटी से गायब कर्मचारियों पर ADM सख्त, कार्रवाई के निर्देश

मुजफ्फरनगर में जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने नगर पालिका परिषद स्थित जनगणना सेल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर पाए गए, जिस पर एडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जनगणना कार्यों की प्रगति, रिकॉर्ड संधारण और उपस्थिति रजिस्टर की भी विस्तार से समीक्षा की।

जांच में यह सामने आया कि कई नामित कर्मचारी अब तक अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए हैं, जिससे कार्य की गति प्रभावित हो रही है। एडीएम ने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची तत्काल तैयार कर उनके खिलाफ नियमों के अनुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी संबंधित कर्मियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने जनगणना सेल में चल रहे कार्यों और उपलब्ध रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर प्रज्ञा सिंह और जिला प्रभारी जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश गौरव गुंजन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.