मुजफ्फरनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं का बना मेगा प्लान

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर DM और SSP ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
- कांवड़ मार्ग को जोन-सेक्टर में बांटकर सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
- यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य कैंप, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन और खाद्य सामग्री की जांच के लिए विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर DM और SSP ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
- कांवड़ मार्ग को जोन-सेक्टर में बांटकर सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
- यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य कैंप, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन और खाद्य सामग्री की जांच के लिए विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार देर शाम विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग समय से पहले अपनी तैयारियां पूरी करें और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जोन-सेक्टर में बांटा जाएगा कांवड़ मार्ग
जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार बड़ी संख्या में कांवड़ियों के जनपद से होकर गुजरने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य, सफाई और सड़क व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। पूरे कांवड़ मार्ग को जोन और सेक्टर में विभाजित कर वहां मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
सुरक्षा के लिए प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी रखने की योजना बनाई गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने और भ्रामक सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए तैयार होगा डायवर्जन प्लान
बैठक में यातायात प्रबंधन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। कांवड़ यात्रा के प्रमुख दिनों में भारी वाहनों के लिए अलग रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। इसकी जानकारी पहले से आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि यातायात प्रभावित होने से बचाया जा सके।
राष्ट्रीय राजमार्ग और कांवड़ पटरी मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को सड़कों के गड्ढे भरने, अवैध कट बंद करने और मार्गों की मरम्मत जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बिजली, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस
प्रशासन ने बिजली विभाग को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर झूलते तारों को दुरुस्त किया जाए, खराब पोल बदले जाएं और ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। इसके अलावा हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों को पूरी तरह चालू रखने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका, जिला पंचायत राज विभाग और विकास विभाग को मार्गों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई। वन विभाग को सड़क किनारे लटक रही पेड़ों की शाखाओं को हटाने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे संचालित मेडिकल कैंप लगाने को कहा गया है। इन कैंपों में डॉक्टरों की टीम, दवाइयां, एंबुलेंस और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सीएचसी और पीएचसी स्तर पर मोबाइल मेडिकल टीमों को भी सक्रिय रखा जाएगा।
खाद्य सामग्री की होगी जांच
कांवड़ मार्ग पर होटल, ढाबों और खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के साथ लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच करने को कहा गया है।
प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.