मुजफ्फरनगर: रतनपुरी में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, 15 हजार के इनामी समेत दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- चकरोड पर खड़ी बाइक की जांच के दौरान फायरिंग शुरू हुई।
- पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हुए।
- घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी समेत दो हिस्ट्रीशीटरों को घायल अवस्था में गिरफ्तार करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रियावली नंगला गांव निवासी रिजवान पुत्र बाबू और रिहान पुत्र बाबू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे टीम टोडा नगला मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान चकरोड पर एक बाइक खड़ी नजर आई। पुलिसकर्मी जब बाइक की जांच के लिए आगे बढ़े तो वहां मौजूद दो लोगों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे, जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग में टीम के जवान बाल-बाल बच गए। पुलिस ने दोनों को गोलीबारी बंद कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने इसे नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
रिजवान पर 15 हजार रुपये का इनाम, कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक, रिजवान रतनपुरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गौवध, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि रिजवान गाजियाबाद के भोजपुर थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
दूसरा आरोपी रिहान भी पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ गौवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
जिंदा गौवंश, गौकशी के उपकरण और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा गौवंश, गौकशी के उपकरण, दो तमंचे, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अब बरामद बाइक और हथियारों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.