मुजफ्फरनगर में सपा का संगठन विस्तार, PDA अभियान के तहत कई लोगों ने ली सदस्यता

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में सपा ने पीडीए अभियान के तहत सदस्यता कार्यक्रम आयोजित कर कई नए लोगों को पार्टी से जोड़ा।
- कार्यक्रम के दौरान रामपाल पाल और अनुराग पाल को प्रदेश स्तर की संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
- पार्टी नेताओं ने दावा किया कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा का जनाधार और संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय में ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान के तहत सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न समाजों के लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली।
समारोह का आयोजन समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में पाल, कश्यप, ठाकुर और अनुसूचित वर्ग से जुड़े कई लोगों ने सपा की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी से जुड़ने का फैसला किया। जिला अध्यक्ष जिया चौधरी और अन्य पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत किया।

इस अवसर पर संगठन में नई जिम्मेदारियों की भी घोषणा की गई। रामपाल पाल को समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव और अनुराग पाल को समाजवादी मजदूर सभा का प्रदेश सचिव बनाया गया। नियुक्ति की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का अभिनंदन किया।
डॉ. सत्येंद्र पाल ने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय और समावेशी राजनीति के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के लोगों ने सदस्यता लेकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ता 2027 के चुनाव में पार्टी को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।

जिला अध्यक्ष जिया चौधरी ने भी दावा किया कि पीडीए अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग सपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.