दीपावली-छठ पर यूपी में चलेंगी अतिरिक्त बसें, 6 से 17 नवंबर तक विशेष व्यवस्था

HIGHLIGHTS
- परिवहन निगम की बसों का संचालन 6 से 17 नवंबर तक विशेष रूप से किया जाएगा।
- अनफिट बसों को त्योहारों के दौरान सड़क पर उतारने की अनुमति नहीं होगी।
- बस अड्डों पर पेयजल, बैठने और सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी की है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने छह से 17 नवंबर तक प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली से पूर्वांचल के विभिन्न शहरों के अलावा लखनऊ और कानपुर के लिए भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। इस पहल का मकसद यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है।
परिवहन मंत्री ने कहा है कि इस दौरान निगम की सभी बसों का संचालन किया जाए, लेकिन अनफिट बसों को सड़क पर नहीं उतारा जाएगा। इसके लिए बसों की मरम्मत और जरूरी कलपुर्जों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहारों के दौरान विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी नहीं होंगी।
बस अड्डों पर यात्रियों की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, डिजिटल समय सारिणी और सहायता केंद्र उपलब्ध कराने को कहा गया है।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि 11 दिन ड्यूटी करने वाले चालकों और परिचालकों को 4,400 रुपये और 12 दिन ड्यूटी करने पर 4,800 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए रोजाना औसतन 300 किलोमीटर बस चलाना जरूरी होगा। संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को तय दूरी से अधिक बस संचालन करने पर प्रति अतिरिक्त किलोमीटर 55 पैसे भी दिए जाएंगे।
इलेक्ट्रिक बसों के चालकों को 11 दिनों में 3,300 किलोमीटर संचालन करने पर करीब एक हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। वहीं, कार्यशाला के कर्मचारियों को 11 दिन ड्यूटी करने पर 2,100 रुपये और 12 दिन काम करने पर 2,500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
दिल्ली से इन शहरों के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें
परिवहन निगम दिल्ली से लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और कानपुर के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। इसके साथ ही गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा के लिए भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
सुरक्षा के मद्देनजर बस चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी, ताकि कोई भी चालक नशे की हालत में बस न चला सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.