मुजफ्फरनगर: बाइक रेहड़ा चोरी का वीडियो वायरल, CCTV में कैद हुआ आरोपी

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के खतौली सब्जी मंडी से सब्जी विक्रेता का बाइक रेहड़ा चोरी, घटना CCTV कैमरे में कैद हुई।
- फुटेज में आरोपी रेहड़ा लेकर फरार होता दिखाई दे रहा है, लेकिन तीन दिन बाद भी पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं सकी है।
- सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खतौली थाना पुलिस को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुजफ्फरनगर। खतौली सब्जी मंडी में एक सब्जी विक्रेता का बाइक रेहड़ा चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की पूरी घटना मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें एक युवक रेहड़ा लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के तीन दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

पीड़ित सेवन पुत्र श्रवण सैनी, निवासी बेहड़ा अस्सा गांव, थाना सिखेड़ा, रोज की तरह 5 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे सब्जी मंडी पहुंचा था। उसने अपना बाइक रेहड़ा मंडी में खड़ा किया और सब्जी खरीदने चला गया। कुछ देर बाद लौटने पर उसे अपना रेहड़ा वहां नहीं मिला।

सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की वारदात
सेवन ने मंडी में काफी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उसने पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसने खुद आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में एक युवक दिखाई दे रहा है, जो बिना किसी हड़बड़ी के बाइक रेहड़े के पास पहुंचता है और उसे लेकर वहां से फरार हो जाता है। वीडियो में आरोपी का चेहरा भी काफी हद तक साफ नजर आ रहा है।
पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी तीन दिन तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उसका कहना है कि न तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची और न ही उससे मामले की प्रगति को लेकर संपर्क किया गया।
सेवन के परिवार के मुताबिक, बाइक रेहड़ा ही उसकी रोजी-रोटी का मुख्य साधन था। चोरी के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो गई है। परिजनों का कहना है कि वह दोबारा नया रेहड़ा खरीदने की स्थिति में नहीं हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय
स्थानीय लोगों ने भी सीसीटीवी फुटेज में आरोपी नजर आने के बावजूद कार्रवाई में देरी पर सवाल उठाए हैं। लोगों को उम्मीद है कि पुलिस फुटेज के आधार पर जल्द आरोपी की पहचान कर रेहड़ा बरामद करेगी।
इधर, चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस ने खतौली थाना पुलिस को मामले में जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामला खतौली कोतवाली क्षेत्र का है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.