मुजफ्फरनगर में जलभराव पर एक्शन में मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पानी के बीच उतरकर किया निरीक्षण

HIGHLIGHTS
- लगातार बारिश से जलभराव की समस्या के बीच मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर के रामपुरी और मिमलाना रोड का निरीक्षण किया।
- उन्होंने अधिकारियों को जलनिकासी व्यवस्था सुधारने और नालों की तत्काल सफाई के निर्देश दिए।
मुजफ्फरनगर। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। गुरुवार को राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रामपुरी क्षेत्र और मिमलाना रोड पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) और जलकल विभाग के सहायक अभियंता (एई) भी मौजूद रहे। राज्यमंत्री ने जलभराव वाले क्षेत्रों में पैदल और स्कूटी से भ्रमण कर वास्तविक स्थिति देखी तथा लोगों को हो रही परेशानियों की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नालों की प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए, जल निकासी में बाधा बन रहे अवरोधों को तत्काल हटाया जाए और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि लोगों को बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करे।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि जनता की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान भाजपा के जिला महामंत्री सुनील दर्शन, मंडल अध्यक्ष नंद किशोर पाल, सभासद रजत धीमान, अमन तोमर, पूर्व मंडल अध्यक्ष कपिल त्यागी, राधे वर्मा, कृत्यांश सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.