मुजफ्फरनगर में खराब मौसम को लेकर हाईअलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

मुजफ्फरनगर में संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मौसम विभाग द्वारा आगामी घंटों में तेज आंधी, गरज-चमक, भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताए जाने के बाद प्रशासन ने जिले में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों के लिए विस्तृत एडवाइजरी भी जारी की है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें।
सभी विभाग अलर्ट मोड पर
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनुरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है। राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को भी सक्रिय कर दिया गया है।
जिला और तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम चालू कर दिए गए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग, एम्बुलेंस सेवाएं, बिजली विभाग और नगर निकायों को भी पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों के लिए प्रशासन की एडवाइजरी
जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि तेज आंधी और बारिश के दौरान लोग पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखें। कच्चे और कमजोर घरों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
जलभराव वाले इलाकों और नालों के पास जाने से भी सख्ती से बचने को कहा गया है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता
प्रशासन ने वज्रपात (आकाशीय बिजली) को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। किसानों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में न रहें और फसल को सुरक्षित स्थानों पर रख दें। पशुपालकों को भी पशुओं को खुले में न बांधने और सुरक्षित शेड में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जरूरी सावधानियां
लोगों से मोबाइल फोन चार्ज रखने, प्राथमिक उपचार किट तैयार रखने, जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने और टॉर्च जैसे जरूरी सामान पहले से रखने की अपील की गई है।
किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम नंबर 9412210080 पर संपर्क करने को कहा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.