उड़ान के दौरान इमरजेंसी गेट खोलने लगा यात्री, केबिन क्रू ने संभाला मोर्चा; कोच्चि पहुंचते ही गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- बाटिक एयर की OD231 फ्लाइट में हुई घटना
- आरोपी यात्री की पहचान जमशीर अथानिक्कल के रूप में हुई
- घटना उड़ान के दौरान रात 9:30 बजे से 11:05 बजे के बीच हुई
कुआलालंपुर-कोच्चि उड़ान में आपातकालीन निकास द्वार खोलने की कोशिश करने और साथी यात्रियों व केबिन क्रू को धमकाने के आरोप में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यात्री पर निकास द्वार की खिड़की के पैनल को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
कब हुई घटना?
आरोपी की पहचान जमशीर अथानिक्कल के रूप में हुई है। वह बुधवार को कुआलालंपुर से कोच्चि जाने वाली बाटिक एयर की फ्लाइट OD231 में सफर कर रहा था। एफआईआर के अनुसार, घटना रात करीब 9:30 बजे से 11:05 बजे के बीच हुई, जब विमान उड़ान में था।
यात्री पर क्या आरोप लगे?
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि यात्री ने विमान के आपातकालीन निकास द्वार को जबरदस्ती खोलने का प्रयास किया। इस दौरान उसने निकास द्वार की खिड़की के पैनल को भी नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा उस पर सहयात्रियों को धमकाने का आरोप है, जिससे विमान में मौजूद लोगों की सुरक्षा प्रभावित हुई।
पुलिस ने क्या जानकारी दी?
पुलिस के मुताबिक, केबिन क्रू ने समय रहते हस्तक्षेप कर यात्री को नियंत्रित कर लिया। कोच्चि में बाटिक एयर के सुरक्षा प्रभारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। गुरुवार तड़के विमान के कोच्चि पहुंचने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) के तहत आपराधिक धमकी, विमान अधिनियम की धारा 11ए के तहत सुरक्षा या संरक्षा निर्देशों के उल्लंघन और केरल पुलिस अधिनियम की धारा 118(ई) के तहत सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्यों के लिए मामला दर्ज किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.