जामिया में चुनाव बहाली को लेकर आंदोलन जारी, कैंपस के बाहर भारी सुरक्षा

HIGHLIGHTS
- ओखला हेड से वीसी आवास तक प्रस्तावित मार्च मंगलवार को नहीं निकल सका।
- पुलिस ने कैंपस के बाहर बैरिकेडिंग की है और लाउडस्पीकर से लोगों को निर्देशों का पालन करने को कहा जा रहा है।
- छात्रों ने गेट नंबर 7, 8 और 10 पर पुलिस के कब्जे का आरोप लगाया, जिसे पुलिस ने खारिज कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के गेट नंबर 4 से दो छात्रों फैजान और जीशान को हिरासत में लिया है। दोनों को अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है। फैजान NSUI-जामिया के इकाई अध्यक्ष हैं, जबकि जीशान NSUI सोशल मीडिया के पूर्व राष्ट्रीय प्रमुख रह चुके हैं। वहीं, राहुल गांधी के जामिया आने की भी खबर है। इस बीच, इलाके में पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर रखी है।
जामिया में चुनाव बहाली की मांग को लेकर आंदोलन जारी
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। कैंपस के बाहरी हिस्से में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरा इलाका छावनी में तब्दील नजर आ रहा है।
दिल्ली पुलिस ने किसी भी तरह के गैरकानूनी जमावड़े को रोकने के लिए BNSS की धारा 163 लागू की है। इसके चलते ओखला हेड से वीसी आवास तक प्रस्तावित मार्च मंगलवार को नहीं हो सका। इस दौरान कुछ छात्रों को सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में भी लिया। वहीं, जामिया प्रशासन ने बाहरी लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए गेटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है।
कैंपस के बाहर पुलिस का पहरा, धारा 163 के बैनर लगाए
जामिया कैंपस के प्रवेश द्वारों के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग की है और BNSS की धारा 163 से संबंधित बैनर लगाए हैं। लाउडस्पीकर के जरिए बार-बार लोगों से शांति बनाए रखने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
फुटपाथ के किनारे पुलिस वाहनों को खड़ा किया गया है, ताकि छात्रों की भीड़ जमा न हो और वे कैंपस में प्रवेश न कर सकें। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने गेट नंबर 7, 8 और 10 को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
जामिया मेट्रो स्टेशन से लेकर कैंपस के बाहरी हिस्से तक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। यहां अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां भी तैनात हैं।
गेट को लोहे की टिन शेड से ढका
आंदोलनकारी छात्रों के समर्थन में प्रस्तावित मार्च भी BNSS की धारा 163 लागू होने के कारण नहीं हो सका। ओखला हेड पर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
कैंपस में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए जामिया प्रशासन बाउंड्री वॉल और गेटों की सुरक्षा मजबूत कर रहा है। मंगलवार को गेट 4सी के हिस्से को लोहे की टिन शेड से पूरी तरह ढक दिया गया। इसके अलावा, लोहे की ग्रिल के आसपास दीवार बनाई गई है, ताकि उसे हटाकर कोई परिसर में दाखिल न हो सके।
प्रशासन बाउंड्री वॉल की ऊंचाई भी बढ़ा रहा है। साथ ही, निगरानी के लिए CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
विभागों पर कब्जे के दावे को छात्रों ने नकारा
छात्रों ने जामिया प्रशासन के राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र विभागों की इमारतों पर कब्जा करने और वहां ताले लगाने के दावों को खारिज किया है। छात्रों का कहना है कि वे विभागों के गलियारों में बैठे हैं और उन्होंने किसी विभाग पर कब्जा नहीं किया है।
मंगलवार को भी छात्रों से बातचीत करने के लिए शिक्षकों की एक टीम पहुंची थी। छात्रों ने स्पष्ट किया कि छात्र संघ चुनाव का कार्यक्रम जारी होने के बाद ही वे अपना आंदोलन समाप्त करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.