'सौ-सौ पेपर लीक कराकर आंदोलन करने चले राहुल-अखिलेश', अनुराग ठाकुर का विपक्ष पर हमला

HIGHLIGHTS
- अनुराग ठाकुर ने पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा।
- उन्होंने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में धांधली गंभीर खतरा है, जिसका समाधान मोदी सरकार करेगी।
- अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी की प्रो. वी. कामाकोटी पर टिप्पणी को लेकर भी हमला बोला।
नई दिल्ली। पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के साथ-साथ समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि देश में सबसे पहले नकल विरोधी कानून भाजपा सरकार ही लेकर आई, चाहे वह केंद्र की सरकार हो या फिर राज्य की।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब नकल का समर्थन किया जाता था। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह सरकार के दौरान तत्कालीन शिक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नकल विरोधी कानून लेकर आए थे।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनकी बेचैनी को समझा जा सकता है। प्रधानमंत्री आवास के अंदर जाने का मौका नहीं मिल रहा था, इसलिए वह प्रधानमंत्री आवास के बाहर जाकर लेट गए थे। पेपर लीक की पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सौ-सौ पेपर लीक कराने वाले राहुल गांधी और अखिलेश यादव अब आंदोलन करने निकले हैं।
पेपर लीक की समस्या को जड़ से खत्म करेंगे- अनुराग ठाकुर
मंगलवार को पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में धांधली माओवाद और आतंकवाद से कम खतरनाक नहीं है। उन्होंने कहा कि इस पेपर लीक का इलाज भी मोदी सरकार ही करेगी।
उन्होंने कहा कि जिस तरह अब तक हर समस्या का समाधान किया गया है, उसी तरह पेपर लीक की समस्या को भी जड़ से खत्म किया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार सिस्टम को और मजबूत बनाना चाहती है, लेकिन विपक्ष समय पर चर्चा के लिए भी तैयार नहीं था और संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय शिक्षा का बजट 65 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर एक लाख 40 हजार करोड़ रुपये हो गया है।
प्रियंका गांधी पर भी साधा निशाना
अनुराग ठाकुर ने सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह भोली सूरत बनाकर लोगों को गुमराह करती हैं और गंभीर मुद्दों पर भी अपनी सरकार के कामों पर पर्दा डालने की कोशिश करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने देश के बड़े वैज्ञानिक और आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर वी. कामाकोटी पर टिप्पणी की थी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रो. कामाकोटी के पास इतनी डिग्रियां हैं कि पूरे गांधी परिवार की डिग्रियां जोड़ने के बाद भी उनकी बराबरी नहीं की जा सकती।
प्रो. कामाकोटी को गौमूत्र विशेषज्ञ बताए जाने वाली टिप्पणी पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि गांधी परिवार की सबसे बड़ी समस्या यह है कि वह भारत की परंपराओं को न तो समझते हैं और न ही समझने का प्रयास करते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.