राहुल गांधी से मिले लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह, यूपी चुनाव में 35 सीटों पर ठोकी दावेदारी

HIGHLIGHTS
- सुनील सिंह इससे पहले अखिलेश यादव से दो बार कर चुके हैं मुलाकात
- 18 सितंबर को सपा प्रमुख से हुई थी उनकी पिछली बैठक
- सीट बंटवारे को लेकर सपा के साथ भी बातचीत की जानकारी दी
- लोकदल ने खुद को इंडी गठबंधन का हिस्सा बताया
लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की तस्वीर को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह ने मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। इससे पहले वह दो बार सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मिल चुके हैं। राहुल गांधी के साथ करीब एक घंटे चली बैठक में विधानसभा चुनाव और खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा हुई। इस दौरान लोकदल की ओर से 35 सीटों पर दावेदारी पेश की गई।
विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस का शुरुआती फोकस पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर है। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा का रालोद के साथ गठबंधन था, लेकिन इस बार दोनों दल अलग हो चुके हैं। ऐसे में लोकदल ने सपा और कांग्रेस के सहारे अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश तेज कर दी है।
सपा के साथ सीट बंटवारे पर भी बातचीत
लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह ने 18 सितंबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। इससे करीब एक सप्ताह पहले भी दोनों नेताओं की बैठक हुई थी। इन मुलाकातों के बाद सुनील सिंह ने कहा था कि लोकदल इंडी गठबंधन का हिस्सा है और सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। उन्होंने सपा प्रमुख को मुख्यमंत्री बनाने की बात भी कही थी।
सुनील सिंह बोले- किंग नहीं, किंग मेकर बनना चाहता हूं
मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सुनील सिंह ने बताया कि सीटों को लेकर कांग्रेस नेता के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि अगले महीने सीट बंटवारे पर फैसला होने की संभावना है। लोकदल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ पूरे राज्य में गठबंधन को मजबूत करने के लिए काम करेगा।
सुनील सिंह ने कहा, “मैं किंग नहीं, किंग मेकर बनना चाहता हूं।”
उन्होंने बताया कि पार्टी किसान, नौजवान, रोजगार, महंगाई और ग्रामीण भारत से जुड़े मुद्दे उठाएगी। गांधी जयंती के मौके पर ग्राम स्वराज के विचार को लेकर पार्टी गांवों में जाएगी। उन्होंने वर्ष 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनवाने के लिए काम करने की भी बात कही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.