पिता कॉन्स्टेबल, बेटी बनीं IPS अधिकारी, अब प्रीति यादव को मिली नोएडा जोन-1 की जिम्मेदारी

HIGHLIGHTS
- प्रीति यादव ने ह्यूमैनिटीज विषय से 12वीं में 96.2 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।
- उन्होंने जियोग्राफी से बीए ऑनर्स की पढ़ाई पूरी कर विश्वविद्यालय में गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
- ग्रेजुएशन के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था।
नई दिल्ली। अपनी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों से पहचान बनाने वाली आईपीएस अधिकारी प्रीति यादव इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर की ओर से किए गए प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें नोएडा जोन-1 का पुलिस उपायुक्त (DCP) नियुक्त किया गया है।
इस नियुक्ति के साथ ही प्रीति यादव नोएडा जोन की कमान संभालने वाली महिला डीसीपी बन गई हैं।
पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहीं प्रीति यादव
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में जन्मीं प्रीति यादव पढ़ाई में बचपन से ही तेज थीं। उन्होंने ह्यूमैनिटीज विषय से 12वीं की परीक्षा में 96.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद जियोग्राफी से बीए ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की और विश्वविद्यालय में गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
ग्रेजुएशन के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का फैसला कर लिया था। अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए उन्होंने मास्टर्स की पढ़ाई बीच में छोड़ दी और यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी।
पिता कॉन्स्टेबल, बेटी बनीं आईपीएस अधिकारी
संसद टीवी को दिए एक इंटरव्यू में प्रीति यादव ने अपने सफर और प्रेरणा के बारे में बताया था कि बचपन से ही उनकी इच्छा सिविल सेवा में जाने की थी। उन्होंने कहा था, "मैंने अपने पिता को देखा, जिन्होंने कॉन्स्टेबल के तौर पर अपनी नौकरी शुरू की थी। उस समय वे ASI के पद पर थे। उनसे मुझे बहुत प्रेरणा मिली कि जीवन में कुछ अच्छा करना चाहिए। और अगर कुछ अच्छा करना है, तो क्यों न सबसे ऊंचे पद से शुरुआत की जाए?"
उन्होंने आगे बताया, "मुझे यह मौका मिला। मुझे बहुत अच्छे शिक्षक मिले। मेरे माता-पिता का इतना अच्छा सहयोग रहा कि मैंने इस मौके को तुरंत लपक लिया। पहले ही प्रयास में मेरा प्रीलिम्स क्लियर हो गया। प्रीलिम्स क्लियर हुआ, फिर मेन्स भी क्लियर हो गया। इंटरव्यू के बाद, मेरी मुख्य परीक्षा में 21 अंक आए।"
वर्ष 2019 में महज 22 साल की उम्र में प्रीति यादव ने यूपीएससी परीक्षा पास की और उत्तर प्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी बनीं।
नोएडा जोन-1 की जिम्मेदारी सौंपी गई
आईपीएस बनने के बाद प्रीति यादव की पहली पोस्टिंग सहारनपुर जिले में एएसपी के रूप में हुई थी। यहां उन्होंने प्रशासनिक कामकाज की बारीकियों को समझा। अब उन्हें नोएडा जोन-1 जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
उनसे पहले इस पद पर तैनात आईपीएस साद मियां खान को गौतमबुद्ध नगर से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान जिले के तीनों जोन में अहम जिम्मेदारियां संभाली थीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.