उत्तराखंड में बारिश का कहर, अलकनंदा और मंदाकिनी नदी चेतावनी स्तर से ऊपर

HIGHLIGHTS
- रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के चलते अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया है।
- प्रशासन ने लोगों से नदी किनारों से दूर रहने की अपील की और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
- बारिश के कारण एनएच-107 सिल्ली के पास बंद हो गया, जिसके चलते केदारनाथ यात्रा को एहतियातन आंशिक रूप से रोका गया है।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण बुधवार सुबह अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया। जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र की रिपोर्ट के अनुसार प्रशासन ने लोगों से नदी किनारों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक जिले में मौसम लगातार बारिश वाला बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में ऊखीमठ तहसील में सबसे ज्यादा 37.50 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रुद्रप्रयाग में 10.00 मिमी और जखोली में 12.00 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
बुधवार सुबह 7 बजे के आंकड़ों के अनुसार अलकनंदा नदी का जलस्तर 626.80 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 626.00 मीटर से ऊपर है। यह खतरे के निशान 627.00 मीटर के काफी करीब पहुंच गया है।
वहीं मंदाकिनी नदी का जलस्तर 625.50 मीटर दर्ज किया गया, जो 625.00 मीटर के चेतावनी स्तर से ऊपर बह रहा है। हालांकि गंगानगर और गौरीकुंड में नदी का जलस्तर अभी चेतावनी स्तर से नीचे है।
नदी किनारों से दूर रहने की अपील
नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से नदी किनारों से दूर रहने और बिना जरूरी काम के नदी के पास न जाने की अपील की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।
सिल्ली में हाईवे बंद, केदारनाथ यात्रा आंशिक रूप से रोकी गई
बारिश के कारण जिले में सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। एनएच-107 सिल्ली के पास बंद होने के चलते श्रीकेदारनाथ यात्रा को एहतियात के तौर पर आंशिक रूप से रोक दिया गया है।
इसके अलावा एक राष्ट्रीय राजमार्ग, सात राज्य मार्ग, चार लोक निर्माण विभाग (PWD) मार्ग, चार पीएमजीएसवाई मार्ग और एक एनपीसीसी मार्ग भी अलग-अलग स्थानों पर प्रभावित हुए हैं।
सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी विभागों को संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपदा, दुर्घटना या सड़क मार्ग बाधित होने की जानकारी तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को दें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.