गायक जुबिन नौटियाल के पिता ने फिर थामा कांग्रेस का हाथ, भाजपा छोड़ने की बताई वजह

HIGHLIGHTS
- राम शरण नौटियाल ने दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
- सदस्यता कार्यक्रम में कुमारी सैलजा, गणेश गोदियाल और यशपाल आर्य मौजूद रहे।
- राम शरण नौटियाल पिछले चुनाव में चकराता से भाजपा के टिकट पर लड़े थे।
गायक जुबिन नौटियाल के पिता राम शरण नौटियाल एक बार फिर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। सोमवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मौजूद रहे।
राम शरण नौटियाल पिछले चुनाव में चकराता सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। भाजपा से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने मीडिया के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि सार्वजनिक मंचों पर उनका अपमान हुआ और संगठन में वन मैन शो चल रहा है। उन्होंने पार्टी छोड़ने की प्रमुख वजह संगठन में अनुशासनहीनता को बताया था।
भाजपा छोड़ने के पीछे बताईं कई वजहें
भाजपा छोड़ने के कारणों पर राम शरण नौटियाल ने कहा था कि किसी भी समर्पित कार्यकर्ता के लिए मान-सम्मान सबसे ज्यादा मायने रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में कई वरिष्ठ और कनिष्ठ नेताओं से उन्हें स्नेह मिला, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर उनका अपमान किया गया।
उन्होंने तीखे शब्दों में कहा था कि वह ठेके-पट्टे या निजी लाभ के लिए राजनीति में नहीं आए थे। उन्होंने हमेशा अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को ही उठाया।
पार्टी में अनुशासन को लेकर सवाल उठाते हुए नौटियाल ने कहा था कि वह भाजपा में यह सोचकर शामिल हुए थे कि वहां कड़ा अनुशासन है, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत निकली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर आह्वान का उन्होंने पूरी निष्ठा से पालन किया, लेकिन पार्टी के भीतर ही कुछ लोग टिकट भी मांगते हैं और पीठ पीछे कहते हैं कि उनका इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया था कि पार्टी के ही कुछ लोग अंदरूनी तौर पर अपने अनुसूचित जाति के मंत्री के खिलाफ सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन करते हैं और बयानबाजी करते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.