यमुनोत्री घाटी में बारिश का कहर, स्याना चट्टी के पास हाईवे का 100 मीटर हिस्सा बहा
By Hitesh — July 9, 2026

HIGHLIGHTS
- यमुनोत्री घाटी में भारी बारिश से स्याना चट्टी के पास हाईवे का करीब 100 मीटर हिस्सा बहा, यातायात प्रभावित।
- गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर जगह-जगह मलबा और बोल्डर गिरने से कई घंटे तक आवाजाही बाधित रही।
- लगातार भूस्खलन के कारण सड़क खोलने में परेशानी, प्रशासन और एनएच विभाग की टीमें बहाली कार्य में जुटीं।
Author: — Dainik Dehat
उत्तरकाशी की यमुनोत्री घाटी में लगातार हो रही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे पर स्याना चट्टी के पास करीब 100 मीटर सड़क का हिस्सा बह गया है। हाईवे के क्षतिग्रस्त होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता (ईई) मनोज रावत ने बताया कि करीब 100 मीटर सड़क धंसने से लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश, पहाड़ी से गिर रहे मलबे और पत्थरों के कारण सड़क को जल्द खोलने में दिक्कतें आ रही हैं। विभाग की टीमें मार्ग बहाली के काम में जुटी हुई हैं।
गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर कई जगह यातायात प्रभावित
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर यातायात बाधित होने का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह दोनों मार्गों पर कई स्थानों पर पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण घंटों तक आवाजाही बंद रही।
गंगोत्री हाईवे पर नालूपानी और नगुण के पास भारी मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने के बाद मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। नालूपानी में करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रास्ता खोला गया, लेकिन दोपहर में दोबारा भूस्खलन होने से यातायात बाधित हो गया। करीब तीन घंटे बाद फिर से वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।
नगुण में मलबे से परेशानी, जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित
नगुण क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण सड़क खोलने में परेशानी आई। तहसीलदार धीरेंद्र कुमाईं ने बताया कि मार्ग बंद रहने से जिला मुख्यालय तक दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
वहीं, सारीगाड़ क्षेत्र में भी कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। प्रशासन और सड़क विभाग की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं।
स्याना चट्टी में फिर बंद हुआ यमुनोत्री मार्ग
यमुनोत्री हाईवे पर स्याना चट्टी के पास सुबह भारी बोल्डर गिरने से मार्ग बंद हो गया था। करीब दो घंटे बाद इसे खोला गया, लेकिन दोपहर बाद दोबारा मलबा और पत्थर गिरने से आवाजाही ठप हो गई। शाम तक भी इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया था।
बारिश और भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति के अनुसार ही यात्रा करने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.