कोलकाता की प्रेसिडेंसी जेल में सुरक्षा चूक, आतंकी आफताब के सेल से iPhone और नकदी बरामद

HIGHLIGHTS
- आफताब अहमद अंसारी उम्रकैद की सजा काट रहा है
- गुप्त सूचना के आधार पर सेल नंबर 14 में तलाशी ली गई
- कपड़ों और बिस्तरों के बीच छिपाकर रखा गया सामान मिला
कोलकाता। बंगाल की अति-सुरक्षित मानी जाने वाली कोलकाता के अलीपुर स्थित प्रेसिडेंसी सेंट्रल जेल में एक बार फिर सुरक्षा में गंभीर चूक का मामला सामने आया है।
2002 में कोलकाता स्थित अमेरिकी सूचना केंद्र पर हुए आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ता और उम्रकैद की सजा काट रहे कुख्यात आतंकी आफताब अहमद अंसारी के सेल से छापेमारी के दौरान तीन आईफोन, वाई-फाई राउटर, पेन ड्राइव और 31 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
गुप्त खुफिया सूचना के आधार पर जेल विभाग के अधिकारियों ने आफताब के 14 नंबर सेल की गहन तलाशी ली। इस दौरान कपड़ों और बिस्तरों की परतों के बीच से ये हाईटेक उपकरण बरामद किए गए। बरामद सामान में दो राउटर, दो कार्ड रीडर, ईयरफोन और 500 रुपये के नोटों में कुल 31 हजार रुपये शामिल हैं।
घटना के बाद हेस्टिंग्स थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। जांच एजेंसियों के शुरुआती आकलन के अनुसार, आफताब जेल के अंदर से वाट्सएप और टेलीग्राम जैसे एप का इस्तेमाल कर रहा था। अब खुफिया एजेंसियां इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि क्या वह पाकिस्तान में मौजूद अपने पुराने आकाओं या सीमा पार आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था।
इस घटना ने जेल के भीतर संभावित भ्रष्टाचार को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी के बावजूद इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी जेल के अंदर कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस उन जेल कर्मियों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने पैसों के लालच में आतंकी की मदद की हो सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.