कालीघाट झड़प मामला: अभिषेक बनर्जी के खिलाफ FIR, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन की रात कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर हंगामा हुआ।
- TMC समर्थकों और स्थानीय BJP कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी के बाद झड़प और पथराव हुआ।
- पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं।
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन की रात कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस घटना को लेकर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं।
इनमें से एक FIR में अभिषेक बनर्जी का नाम भी शामिल किया गया है। वहीं, हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों को थप्पड़ मारने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
अभिषेक बनर्जी के समर्थकों और BJP कार्यकर्ताओं के बीच हुआ विवाद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार रात से ही कालीघाट में अभिषेक बनर्जी के समर्थकों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कई बार विवाद की स्थिति बनी। जन्मदिन के अवसर पर आधी रात को अभिषेक के आवास के बाहर तृणमूल कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। इसी दौरान उनकी स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से कहासुनी शुरू हो गई।
शुरुआत में हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की, पथराव और झड़प होने लगी। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने का भी आरोप है। अभिषेक बनर्जी ने दावा किया था कि उनके पार्टी कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई।
कालीघाट थाने में दर्ज हुईं कुल तीन FIR
हंगामे के बाद कालीघाट थाने में कुल तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें से दो FIR पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर दर्ज की हैं। एक प्राथमिकी में अभिषेक बनर्जी का नाम शामिल है।
वहीं, अभिषेक बनर्जी ने भी अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दी है। दूसरी तरफ, कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अभिषेक बनर्जी के विरुद्ध थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
आवास के बाहर धरने पर बैठे थे अभिषेक बनर्जी
शुक्रवार रात हुई घटना के विरोध में अभिषेक बनर्जी अपने आवास के सामने धरने पर बैठ गए थे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई। उन्होंने आरोप लगाया था कि कील लगी लाठियों से उनके समर्थकों पर हमला किया गया है।
अभिषेक का दावा था कि उनके चार से पांच समर्थक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वह अपने आवास के अंदर गए।
ममता बनर्जी ने भी पुलिस अधिकारियों पर उठाए सवाल
इस पूरे मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी कालीघाट थाने के प्रभारी बलाइ बाग की भूमिका पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद से इस्तीफे की मांग भी की थी।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल के CCTV फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। इसके आधार पर हंगामे में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और मामले की जांच आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.