गोरखपुर में CM योगी ने की गोवर्धन पूजा, बोले- हर हाल में करनी होगी गायों की रक्षा

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोवर्धन पूजा की।
- सीएम योगी ने गायों को माला पहनाई, तिलक लगाया और गुड़-केला खिलाया।
- मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से हर हाल में गायों की रक्षा करने की अपील की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोवर्धन पूजा की। इस दौरान उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ गोपूजन किया। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने गायों और गोवंश को माला पहनाई, माथे पर तिलक लगाया और अपने हाथों से गुड़ व केला खिलाया। इस दौरान वह गायों को उनके नाम से पुकारते हुए उन्हें दुलारते भी दिखाई दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की बधाई देते हुए कहा कि गायों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही गोवंश की नस्ल में सुधार के लिए भी काम करने की जरूरत है, जिससे पशुपालकों की आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके।
दिवाली के दिन रविवार से गोरखपुर में मौजूद मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह मंदिर परिसर की गोशाला में पूजा-अर्चना की। उन्होंने गोमाता का आशीर्वाद लेकर प्रदेश के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने गोसंरक्षण और गोसंवर्धन के लिए प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
प्रदेश की 7,700 से अधिक गोशालाओं में 16 लाख गोवंश संरक्षित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि गोमहत्ता को सम्मान देने वाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार काम कर रही है। इसके लिए प्रदेश में 7,700 से अधिक गोशालाओं का संचालन किया जा रहा है। इन गोशालाओं में 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि निराश्रित गोवंश को सुरक्षित रखने के साथ उन्हें सम्मानजनक वातावरण भी उपलब्ध कराया जाए।
गाय पालने वाले किसानों को हर महीने 1,500 रुपये की मदद
सीएम योगी ने गोसंरक्षण और गोसंवर्धन के लिए सरकार की तीन प्रमुख व्यवस्थाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पहली व्यवस्था के तहत सरकार निराश्रित गोआश्रय स्थलों का संचालन करती है।
दूसरी योजना सहभागिता योजना है। इसके अंतर्गत किसान गोआश्रय स्थलों से निराश्रित गाय लेकर उनका पालन-पोषण कर सकते हैं। सरकार की ओर से प्रत्येक गाय के लिए 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती है। एक किसान अधिकतम चार गाय रख सकता है। इस हिसाब से उसे हर महीने 6,000 रुपये तक की सहायता मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुपोषित परिवारों को पौष्टिक दूध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भी गोआश्रय स्थलों से एक-एक ब्याई हुई गाय दी जाती है। गाय के रखरखाव और पालन-पोषण के लिए संबंधित परिवार को हर महीने 1,500 रुपये दिए जाते हैं। इन योजनाओं से बड़ी संख्या में किसान और कुपोषित परिवार लाभान्वित हुए हैं।
सड़कों पर नहीं दिखनी चाहिए गाय, संरक्षण के लिए सुरक्षित व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने गोसंरक्षण की तीसरी व्यवस्था के बारे में बताते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गोआश्रय स्थलों का संचालन किया जा रहा है। गांवों में पशुपालन विभाग और शहरों में नगर विकास विभाग के माध्यम से कान्हा उपवन चलाए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि गायें सड़कों पर न घूमें और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचे। इसके लिए गोवंश की देखभाल और संरक्षण की उचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक स्थान मिल सके।
कृषि और ऋषि परंपरा वाले भारत की आत्मा है गाय
सीएम योगी ने कहा कि भारत की पहचान कृषि और ऋषि प्रधान देश के रूप में रही है। देश की धार्मिक मान्यताओं और कृषि संस्कृति में गाय तथा गोवंश का हमेशा से विशेष स्थान रहा है। दीपावली के अगले दिन मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा भी इसी परंपरा से जुड़ी हुई है।
उन्होंने गाय को समृद्धि का खजाना बताते हुए कहा कि गोसेवा के माध्यम से धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष जैसे चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति का रास्ता प्रशस्त होता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों से गोसेवा की भारतीय परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में भोजन का पहला निवाला गाय और आखिरी निवाला श्वान के लिए निकालने की परंपरा रही है। प्रत्येक परिवार को इस परंपरा का पालन करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग अपने घर में गाय नहीं रख सकते, वे धर्मार्थ रूप से संचालित गोशालाओं में आर्थिक या अन्य प्रकार का सहयोग देकर गोसेवा में योगदान दे सकते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.