राजभर के बयान पर शिवपाल यादव का तंज, बोले- उन्हें अच्छे डॉक्टर की जरूरत है

HIGHLIGHTS
- शिवपाल यादव ने बरहज में पत्रकारों से बातचीत की
- पूर्व सांसद मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचे थे
- यूपी की परीक्षा व्यवस्था को लेकर भी शिवपाल ने सवाल उठाए
- ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के 'समाजवादी विजय रथ' पर निशाना साधा था
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधा। शिवपाल ने उन्हें मानसिक बीमार बताते हुए अच्छे मानसिक रोग विशेषज्ञ से सलाह लेने की जरूरत बताई है। उन्होंने योगी-मोदी को भी मीडिया की देन बताया।
'राजभर पूछेंगे तो बता देंगे अच्छा डॉक्टर'
शिवपाल यादव मंगलवार को बरहज में समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने उनसे सवाल किए, जिनका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर अगर उनसे पूछेंगे तो वह उन्हें अच्छे डॉक्टर के बारे में सलाह देंगे। इससे पहले मंच से उन्होंने यूपी की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया और कहा कि नौजवान ही बताएंगे कि वे नौकरी के लिए परीक्षा तो देते हैं, लेकिन परिणाम नहीं निकलता।
राजभर ने क्या कहा था?
ओमप्रकाश राजभर शनिवार को अम्बेडकरनगर पहुंचे थे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के 'समाजवादी विजय रथ' के भगवा रंग को लेकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि रथ को भगवा रंग देकर अखिलेश यादव जनता को यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि समाजवादी पार्टी अब योगी सरकार के रास्ते पर चलना चाहती है।
'रामभक्तों पर चलवाते थे गोली'
राजभर ने तंज कसते हुए कहा था कि अखिलेश यादव रथ पर भगवा रंग लगाकर मानो यह बताना चाहते हैं कि हम वही लोग हैं, जो रामभक्तों पर गोली चलवाते थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि सपा सरकार के कार्यकाल में गुंडागर्दी, माफियागिरी, गैंगवार, लूट, डकैती, छिनैती और हत्या जैसी घटनाओं का बोलबाला रहा।
'चंदा चोरी का पैसा भाजपा चुनाव में करेगी खर्च'
शिवपाल यादव ने भाजपा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की चोरी का पैसा भाजपा चुनाव में खर्च करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो जा रहा है और महंगाई व भ्रष्टाचार से जनता परेशान है।
शिवपाल ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में 100 से अधिक पुलों का निर्माण कराया गया, लेकिन भाजपा सरकार में 14 साल बाद भी निर्माणाधीन मोहन सिंह सेतु का काम पूरा नहीं हो सका है।
'देश पर कर्ज तीन गुना बढ़ा'
उन्होंने भाजपा सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। शिवपाल यादव ने कहा कि बीते नौ वर्षों में देश पर कर्ज तीन गुना बढ़ गया है। विधानसभा के संचालन पर होने वाले खर्च का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई प्रचार-प्रसार में खर्च की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चैनलों और अखबारों पर पैसा खर्च कर पूरे दिन छाए रहने का प्रयास कर रही है। शिवपाल ने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.