भुवनेश्वर में तेज रफ्तार SUV का कहर, तीन कार और दो बाइक को मारी टक्कर; 4 से 5 लोग घायल

HIGHLIGHTS
- कार ने पहले एक ऑल्टो और फिर स्विफ्ट डिजायर को टक्कर मारी।
- इसके बाद दो मोटरसाइकिलें भी इसकी चपेट में आ गईं।
- घायलों में से एक को हालत बिगड़ने पर कटक रेफर किया गया।
भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के पलासुनी इलाके में गुरुवार तड़के तेज रफ्तार लग्जरी SUV ने तीन कारों और दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में चार से पांच लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, लग्जरी कार कथित तौर पर 150 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से चल रही थी। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार ने पहले एक ऑल्टो को टक्कर मारी और फिर स्विफ्ट डिजायर से जा भिड़ी। इसके बाद उसने दो मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जोरदार टक्कर के कारण सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घायलों को तुरंत इलाज के लिए भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक घायल की हालत बिगड़ने पर उसे कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।
एक पीड़ित ने बताया, “तेज रफ्तार एसयूवी ने हमारी कार को टक्कर मार दी, जिससे मेरे भाई को गंभीर चोटें आईं। उन्हें पहले कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कटक भेजा गया।”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय चालक शराब के नशे में था। लगातार हुई टक्करों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर मंचेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों तथा परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.