‘परिक्रमा करने वाले कुत्ते’ की हालत में सुधार, जल्द लौटेगा बिजनौर

नगीना (बिजनौर)। नगीना के गांव नंदपुर में हनुमानजी की मूर्ति के चारों ओर लगातार एक सप्ताह तक परिक्रमा करने वाला कुत्ता अब धीरे-धीरे ठीक हो रहा है। दिल्ली के अस्पताल और नोएडा के शिवालय एनिमल शेल्टर में पशु चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ है। डॉक्टरों ने अब उसके गांव वापसी की अनुमति दे दी है।
कुत्ते को था आंत का संक्रमण और टिक फीवर
18 जनवरी को बिजनौर की एक एनजीओ टीम ने कुत्ते की बिगड़ती हालत देख उसे दिल्ली के मैक्स पेट जेड सेंटर में भर्ती कराया था। जांच में पाया गया कि उसकी आंतों में संक्रमण था और वह टिक फीवर से भी पीड़ित था। इसके बाद दिल्ली से कुत्ते को नोएडा के शिवालय एनिमल शेल्टर लाया गया, जहां मैक्स पेट जेड सेंटर के डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
अभी तीन सप्ताह तक दवा जरूरी
एनजीओ प्रेमपथ एनिमल शेल्टर से जुड़े आनंद चैरिटेबल ट्रस्ट, बिजनौर के ट्रस्टी अश्वनी चित्रांश ने बताया कि मैक्स के डॉक्टरों की सलाह पर कुत्ते की प्लेटलेट्स और हीमोग्लोबिन जैसी कुछ जांचें फिर से की गईं। उसकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है। डॉ. अंकिता सिंह ने भी जांच की और बताया कि अभी कम से कम तीन सप्ताह तक दवा देना जरूरी है।
गांव वापसी जल्द
अश्वनी चित्रांश ने कहा कि यदि सब कुछ ठीक रहा, तो मंगलवार या बुधवार को कुत्ता अपने गांव लौट जाएगा। गांव में भी उसकी दवा और देखभाल का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि कुछ दिन पहले अफवाहें उड़ी थीं कि कुत्ते का दिमाग का ऑपरेशन हुआ है, लेकिन यह सच नहीं है। शिवालय एनिमल शेल्टर पर उसका पूरी तरह ध्यान रखा जा रहा है और लोगों को किसी भी अफवाह पर विश्वास नहीं करना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.