बिजनौर में युवक की डंडों से पीटकर हत्या, खेत में ट्यूबवेल के पास मिला खून से लथपथ शव
By Hitesh — July 22, 2026

HIGHLIGHTS
- बिजनौर के आनंदीपुर गांव में 28 वर्षीय हिमांशु त्यागी का शव खेत में ट्यूबवेल के पास मिला।
- परिजनों ने डंडों से पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई, पुलिस ने जांच शुरू की।
- अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ होगी।
Author: — Dainik Dehat
बिजनौर। जिले के आनंदीपुर गांव निवासी हिमांशु त्यागी (28) की मंगलवार रात डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उसका शव गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में बने ट्यूबवेल के पास खून से लथपथ हालत में मिला। युवक के मुंह पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
गांव आनंदीपुर निवासी राजेंद्र सिंह बुधवार सुबह अपने खेत पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने हिमांशु त्यागी पुत्र सतीश त्यागी का शव पड़ा देखा। युवक का मुंह क्षत-विक्षत था और शरीर खून से सना हुआ था। शव के पास टूटे हुए डंडे भी पड़े मिले।
राजेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर एएसपी पूर्वी अमित किशोर श्रीवास्तव, सीओ आलोक सिंह और प्रभारी मृदुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। मृतक के परिजनों ने युवक की डंडों से पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक के बड़े भाई सोनू त्यागी ने बताया कि हिमांशु मंगलवार शाम करीब सात बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह थोड़ी देर बाद वापस आ जाएगा। जब वह रात 9-10 बजे तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह गांव के पास खेत में शव मिलने की सूचना मिली।
हिमांशु त्यागी अविवाहित था और उसने बीएससी की पढ़ाई की थी। वह दो साल तक गुरुग्राम स्थित एक कंपनी में नौकरी कर चुका था। करीब छह महीने पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी और घर वापस आ गया था।
फिलहाल हिमांशु सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था और अपने भाई के साथ खेती के काम में भी सहयोग करता था। मृतक के पिता सतीश त्यागी की ओर से हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई है।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.